अबु सलेम बोला, नहीं दिए थे संजय दत्त को हथियार
1993 मुंबई सीरियल बम धमाकों में दोषी ठहराए जा चुके अभिनेता संजय दत्त मामले में नया मोड़ आ गया है। संजय दत्त के घर हथियार पहुचाने वाले गैंगस्टर अबु सलेम ने मुंबई की एक विशेष अदालत में मंगलवार को अपना बयान दर्ज कराते हुए कहा है कि उसने 1993 ब्लास्ट से पहले संजय दत्त को हथियार नहीं दिए थे।
अबु सलेम ने सीआरपीसी की धारा 313 के तहत अदालत में अपने बयान दर्ज कराए हैं। अबु सलेम ने मुबई की टाडा (आतंकवाद और विनाशक गतिविधि रोकथाम अधिनियम) कोर्ट में अपने ऊपर लगे उन आरोपों को पूरी तरह से मना कर दिया जिसमें कहा गया था उसने 1993 में सीरियल धमाकों से पहले संजय दत्त को दो एके-47 और हथगोले दिए थे। सलेम ने अपने बयान में उस आरोप को भी गलत बताया जिसमें कहा गया था कि वह धमाकों से ठीक दो या दिन बाद संजय दत्त के घर गया और दो एके -47 और हथगोले वापस ले आया था।
संजय दत्त को हो चुकी है पांच साल की जेल
गौरतलब है कि संजय दत्त को अदालत की ओर से मुंबई बम धमाकों में एक एके-47 राइफल रखने और धमाकों से पहले हथगोले के आरोप में दोषी ठहराया जा चुका है और इसके लिए उन्हें पांच साल की जेल भी मिल चुकी है।
मुंबई धमाकों की सुनवाई कर रही विशेष अदालत ने 2006 में मुंबई बम धमाकों में 100 आरोपियों को दोषी ठहराया था जिसमें से एक याकूब मेनन को पिछले महीने फांसी दी जा चुकी है।
मामले में बाकी बचे आरोपियों में अबु सलेम, रियाज सिद्दकी, करीमुल्लाह खान, फिरोज अब्दुल राशिद, ताहिर ब्यापारी, और मुस्तफा दौसा गिरफ्तार कर लिए गए थे जो अदालती कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।