हैवानियत की 5 खबरें, दहल जाएगा दिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगता है उत्तर प्रदेश में दरिंदों को कानून-व्यवस्था का कोई डर नहीं रह गया है| यूपी में महिलाओं के खिलाफ हैवानियत, आए दिन हो रही हत्या और बलात्कार की घटनाओं से तो कुछ ऐसा ही पता चलता है।
पिछले 24 घंटों में रेप और गैंगरेप की 5 बड़ी घटनाएं सामने आई हैं और राज्य के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दावा कर रहे हैं कि उनके राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति देश के कई अन्य हिस्सों की तुलना में बेहतर है।
वहीं, पुलिस के रवैए की तो बात ही करना बेमानी है। पहली खबर औरैया से आ रही है। यहां एक किशोरी से गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई और शव नाले में फेंक दिया गया। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
दिबियापुर थाना क्षेत्र में ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए एसपी ने बबीना चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया है। डीआईजी, डीएम, व एसपी ने मौका मुआयना कर स्थिति की जानकारी ली। मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण, गैंगरेप व हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
किशोरी से गैंगरेप के बाद हत्या, शव नाले में
दिबियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी सोमवार शाम करीब सात बजे शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आई। इस पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। देर रात तक उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीण खेत की ओर गए तो झाड़ियों में फटे कपड़े और चप्पलें मिलीं। आगे बढ़े तो नाले में किशोरी का निर्वस्त्र शव मिला। यह बात गांव में फैलते ही मौके पर तमाम लोग जुट गए। सूचना पाकर करीब सात बजे के बाद दिबियापुर थानाध्यक्ष जितेंद्र यादव मयफोर्स मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाना शुरू किया। इस बीच मृतका के परिजन और ग्रामीण हंगामा करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव की ही एक अन्य किशोरी के साथ दो दिन पहले भी छेड़छाड़ हुई थी। बबीना चौकी प्रभारी को सूचना दी गई, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
इसी का नतीजा है कि दूसरे दिन एक किशोरी का अपहरण कर गैंगरेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर शव नाले में ठिकाने लगा दिया गया। उन्होंने मांग की कि जब तक डीएम व एसपी मौके पर नहीं आते तब तक शव निकालने नहीं दिया जाएगा। थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए एसपी अखिलेश चौरसिया को सूचना दी। एसपी करीब सवा नौ बजे घटनास्थल पर पहुंचे।
सूचना के बावजूद पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
उन्होंने ग्रामीणों को समझाने-बूझाने की कोशिश की। इस दौरान ग्रामीण मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। हंगामा बढ़ने पर डीएम माला श्रीवास्तव मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने भरोसा दिया कि मृतका के परिजनों को न्याय दिलाया जाएगा।
डीएम के आश्वासन पर ग्रामीण मान गए और दोपहर में शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर बाद डीआईजी आरके चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से पूछताछ की। एक दिन पहले किशोरी से छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई न करने पर बबीना चौकी प्रभारी को निलंबित करने का आदेश दिया।
इस पर एसपी ने तत्काल बबीना चौकी प्रभारी प्रेमानंद शर्मा को निलंबित कर दिया। डीआईजी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल इस मामले में दिबियापुर थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण, रेप व हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
महिला के गुप्तांग पर डंडे से हमला
दूसरी घटना मेरठ के सरधना की है। यहां नवाबगढ़ी में डकैतों ने डकैती के दौरान दरिंदगी की है। महिला से दुष्कर्म की कोशिश और उसके गुप्तांग पर डंडे से हमला किया है। नवाबगढ़ी में सोमवार रात मैली कारोबारी के घर धावा बोलकर बदमाशों ने लूटपाट के साथ ही दरिंदगी की।
बदमाशों ने कारोबारी की पत्नी से रेप की कोशिश की और विफल होने पर मुंह में कपड़ा ठूंस कर नाजुक अंगों और सिर पर डंडों से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। विरोध करने पर कारोबारी को भी बुरी तरह पीटा और हाथ-पांव बांधकर कमरे में डाल दिया। पीड़ित की बड़ी बेटी ने खुद को शौचालय में बंद कर जान बचाई तो छोटी को बदमाश उठाकर ले गए।
इस बीच शोर होने पर ग्रामीण दौड़े तो बदमाश किशोरी को गांव के बाहरी छोर पर छोड़कर फरार हो गए। महिला को गंभीर हालत में मेरठ के जसवंत राय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है।
सरधना-कुशावली मार्ग पर पर्यटन विभाग के गेस्ट हाऊस के पास नवाबगढ़ी गांव में शफीक पुत्र फूजा का मकान है। उसने मकान में ही दोना बनाने की दो मशीनें लगा रखी है। साथ ही बाहर से गन्ने की मैली (पशुओं के खिलाने के काम आती है) लाकर नगर में सप्लाई करता है।
डकैती के दौरान बदमाशों की दरिंदगी
सोमवार रात शफीक का बेटा और एक बेटी मकान की छत पर सोए थे। दो बेटी उसकी पत्नी के पास सोई थीं। रात लगभग एक बजे 10-12 कच्छाधारी बदमाश हाथों में सरिया और लाठी-डंडे लेकर कारोबारी के मकान में घुस आए और लूटपाट शुरू कर दी। आंख खुलने पर फातिमा ने शोर मचाना चाहा तो बदमाशों ने दबोचकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
नींद खुलने पर शफीक ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके सिर पर डंडे से प्रहार कर दिया और हाथ-पांव बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। शोर मचाने पर पत्नी और बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद बदमाशों ने महिला से दुराचार की कोशिश की और विफल होने पर सिर और नाजुक अंगों पर डंडे से हमला किया।
इससे वह खून से लथपथ होकर चारपाई से नीचे गिर गई। शोर होने पर पास सो रही महिला की 18 वर्षीय बड़ी और 12 वर्षीय छोटी पुत्री की भी आंख खुल गई। माजरा समझ बड़ी पुत्री तो भागकर शौचालय में घुस गई और दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन छोटी को बदमाश उठाकर ले गए।
इस बीच शोर होने पर ग्रामीण दौड़े तो खुद को घिरता देख बदमाश गांव के बाहरी छोर पर किशोरी को छोड़कर फरार हो गए। बदमाश दरिंदगी करने के साथ ही डेढ़ लाख की नगदी और लाखों के जेवरात लूटकर भी ले गए। सूचना पाकर रात लगभग ढाई बजे मौके पर पहुंची पुलिस ने कारोबारी की पत्नी को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे जसवंत राय अस्पताल ले गए। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है।
अपहरण कर किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म
तीसरी घटना देवरिया जिले के भिंगारी बाजार का है। यहां एक अपहरण कर एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की खबर है। घर से बाहर गई किशोरी का सोमावार रात एक टेंपो चालक ने अपने दोस्त के साथ अपहरण कर लिया। इसके बाद दोनों उसके साथ दुष्कर्म किया।
किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उसे चिकित्सतीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है। खामपार थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी शाम करीब आठ बजे घर से बाहर खेत की तरफ गई थी।
इसी दौरान एक टेंपो चालक और उसके दोस्त ने किशोरी का अपहरण कर लिया और भवानी छापर गांव के बाहर एक बागीचे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के अचानक गायब होने से घरवाले काफी परेशान थे। आधी रात को दरिंदे किशोरी को भवानी छापर बाजार में छोड़कर फरार हो गए।
उधर से गुजर रही पुलिस को किशोरी ने रोका और आपबीती सुनाईं। पुलिस किशोरी को थाने ले गई और उसके घरवालों को खबर दी। किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने भवानी छापर गांव निवासी टेंपो चालक जयकुमार व उसके दोस्त मुन्ना उर्फ जरसी पर अपहरण कर दुष्कर्म करने का केस दर्ज कर लिया है। इस बाबत इंस्पेक्टर एमपी द्विवेदी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त टेंपो समेत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तमंचा लगाकर युवती से गैंगरेप
चौथी घटना उन्नाव के फतेहपुर चौरासी की है। यहां शौच के लिए गई किशोरी के साथ तीन युवकों ने तमंचा लगाकर गैंगरेप किया। मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। करीब पांच माह बाद किशोरी को पेट दर्द होने पर मामले का खुलासा हुआ। किशोरी के पिता ने तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के साथ गांव में ही रहने वाले तीन युवकों ने गैंगरेप किया। पीड़िता के मुताबिक करीब पांच महीने पहले वह शाम को शौच के लिए गई थी। इसी दौरान युवक रामनरेश कुरील उसे झाड़ियों में खींच ले गया। उसने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसकी कनपटी में तमंचा लगाया और जान से मारने की धमकी दी।
मौत के डर से सहमी किशोरी ने मुंह बंद कर लिया। इसके बाद रामनरेश, उसका भाई श्रवण और रिश्ते में युवकों के मामा रामप्यारे ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी। बदनामी और डर की वजह से पीड़िता ने अपना मुंह बंद रखा।
करीब एक सप्ताह से लगातार पेट दर्द होने से परेशान किशोरी के पिता ने उसे डॉक्टर को दिखाया तो किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी हुई। जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए। पिता अपनी पीड़ित बेटी को लेकर फतेहपुर चौरासी थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई।
किशोरी का शव गन्ने के खेत से बरामद
पांचवीं घटना बस्ती जिले की है। यहां वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता किशोरी का शव गन्ने के खेत से सोमवार को बरामद हुआ है। परिवारवालों ने रेप करने के बाद गला घोटकर हत्या किए जाने की बात कही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी, एएसपी और सीओ समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही रेप की पुष्टि हो पाएगी।
किशोरी दूसरे पुरवे में रहने वाले अपने बड़े पिता के घर मोबाइल फोन चार्ज करने गई थी। वह मोबाइल फोन लगाने के बाद घर लौटते समय संदिग्ध हालात में लापता हो गई। काफी देर बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रातभर तलाश के बाद भी वह नहीं मिली।
लेकिन उनको गांव के सिवान में किशोरी की टूटी हुई चप्पलें और किसी के घसीटे जाने के निशान मिले। सोमवार सुबह घटना की सूचना वाल्टरगंज पुलिस को दी गई। पुलिस ने परिवार वालों के बताए स्थान पर तलाश की तो खड़ंजे के बगल में गन्ने के खेत में किशोरी की लाश मिली। उसका गला दुपट्टे से कस कर घोंटा गया था।