मिस्ट्री बनी इंस्पेक्टर की मौत, सफेद पाउडर ने गहराया राज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में फुगाना थाने के इंस्पेक्टर विजय सिंह को पिछले काफी समय से ब्लैकमेल किया जा रहा था। गोरखपुर की युवती ज्योति मिश्रा के खिलाफ पुलिस को कुछ ऐसे सबूत मिले हैं।
तलाशी के दौरान इंस्पेक्टर के आवास से सफेद रंग का पाउडर मिला है, जिसे जांच के लिए आगरा प्रयोगशाला भेजा गया है। माना जा रहा है कि इसी पाउडर ने इंस्पेक्टर की जान ली।
इंस्पेक्टर फुगाना विजय सिंह (59) की गुरुवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उनके कमरे में घटना के समय मौजूद गोरखपुर से मिलने आई ज्योति मिश्रा और उसके भाई प्रशांत मिश्रा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
ज्योति कर रही थी इंस्पेक्टर को ब्लैकमेल
इंस्पेक्टर की पत्नी प्रभा रानी ने दोनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही पुलिस लगातार दोनों भाई-बहन से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में ज्योति मिश्रा ने मंदिर में शादी करने का दावा करते हुए खुद को इंस्पेक्टर विजय सिंह की दूसरी पत्नी बताया था।
सूत्रों के अनुसार अब तक की जांच में पता चला है कि ज्योति मिश्रा इंस्पेक्टर विजय सिंह को अपने संबंधों का हवाला देते हुए लंबे समय से ब्लैकमेल कर रही थी। शुरुआत में इंस्पेक्टर ने उसकी मांगों को काफी हद तक पूरा किया, लेकिन ज्योति की मांगे लगातार बढ़ती जा रही थीं, जिससे वे मानसिक तनाव में थे।
पुलिस को कुछ ऐसे तथ्य हाथ लगे हैं, जिनमें ज्योति मिश्रा का फंसना तय माना जा रहा है। वहीं, जांच में यह बात भी सामने आई है कि गुरुवार रात इंस्पेक्टर की अपनी पत्नी प्रभा से भी फोन पर बात हुई थी। हालांकि अफसर अभी इस संबंध में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।
पुलिस को मिला सफेद रंग का पाउडर
उधर, पुलिस ने शनिवार को इंस्पेक्टर के सरकारी आवास की बारीकी से तलाशी ली, जिसमें वहां से सफेद रंग का संदिग्ध पाउडर मिला है। इसके अलावा कमरे से फिंगर प्रिंट और अन्य फोरेंसिक सुबूत भी जुटाए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।
हिरासत में मौजूद ज्योति और प्रशांत मिश्रा को फिलहाल गिरफ्तार नहीं किया गया है। दोनों को मुजफ्फरनगर में ही पुलिस के संपर्क में रहने को कहा गया है। एसपी क्राइम राकेश कुमार जौली ने बताया कि इंस्पेक्टर की मौत के रहस्य से पर्दा उठाने के लिए कई टीमें जांच में लगाई गईं हैं।
गोरखपुर निवासी ज्योति और प्रशांत से पूछताछ की जा रही है। प्रिजर्व किए गए विसरे की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।