फुटपाथ में सोने वाले दंपत्ति की पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म
इलाहाबाद के करेली इलाके में बृहस्पतिवार रात सड़क किनारे फुटपाथ पर अपनी मां संग सो रही पांच साल की बालिका के साथ किसी ने दरिंदगी कर डाली। बच्ची को मां के पास से कुछ दूर ले जाकर हैवानियत की गई।
शुक्रवार सुबह एक महिला ने इस बच्ची को खून से लथपथ और अचेत पड़ा देखा तो गोद में उठाकर उसकी मां के पास ले गई। बच्ची को पहले डफरिन अस्पताल में भर्ती किया गया था मगर हालत बेहद खराब होने के कारण उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया। करेली थाने की पुलिस बलात्कार करने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है।
कौशाम्बी के करारी इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ शहर के करेली इलाके में भीख मांगकर गुजारा करता है। उसकी पत्नी भी भीख मांगती है।
फुटपाथ में सो रही बच्ची को उठा ले गया
पीड़ित मां बाप मुस्तफा मार्केट के पास फुटपाथ पर रात गुजारते हैं। बच्चों में तीन बेटियां और एक पुत्र है। गुरुवार रात भी पति-पत्नी और बच्चे फुटपाथ पर ही सो रहे थे।
रात में किसी वक्त बेटियों में सबसे बड़ी छह साल की बच्ची को कोई वहां से मुंह दबाकर उठा ले गया। उसने बच्ची को करीब सौ मीटर दूर सूनसान में ले जाकर उसके साथ हैवानियत कर डाली। मासूम की चीख भी कोई नहीं सुन सका।
शुक्रवार सुबह एक महिला ने बालिका को कराहते पड़ा देखा। वह रक्तरंजित थी। महिला उसे गोद में उठाकर उसके मां-बाप के पास ले गई। बेटी की हालत देख मां रो पड़ी। माता-पिता बेटी को डफरिन महिला चिकित्सालय ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें खुल्दाबाद थाना भेज दिया। फिर खुल्दाबाद थाना प्रभारी समीर सिंह ने बच्ची को पुलिस के साथ डफरिन भेजकर इलाज शुरू कराया।
स्मैकियों पर है पुलिस को शक
बाद में एसपी सिटी मौके पर गए तो साफ हुआ कि यह शर्मनाक घटना करेली थाना क्षेत्र में घटी है। करेली थाने की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा।
पुलिस का अनुमान है कि बच्ची से यह दरिंदगी किसी नशेड़ी ने की है। उस जगह के आसपास रात में स्मैक और गांजा का नशा करने वाले लोग जुटते हैं। पुलिस छानबीन कर रही है। गैंगरेप का भी शक है लेकिन इस घिनौनी और दुखद घटना में शामिल दरिंदे के पकड़े जाने के बाद ही सच्चाई उजागर हो सकेगी।
बलात्कार से मासूम बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो गई, इसलिए उसे एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ.एसपी सिंह ने बच्ची के इलाज के लिए चार डॉक्टरों डॉ.यूके घोष, डॉ.प्रोबाल नियोगी, डॉ.वीना गुप्ता और डॉ.राहुल यादव की कमेटी बना दी है। डॉक्टरों ने बताया कि रेप से बच्ची के अंदरूनी अंग में गहरा जख्म हुआ है और रात भर में काफी खून बह गया।