पांच हत्याओं से दहला बागपत
एक के बाद एक हुई ताबड़तोड़ हत्याओं से मंगलवार को यूपी का बागपत बुरी तरह दहल गया। सबसे सनसनीखेज वारदात ट्योढ़ी गांव में हुई जहां पुलिस वर्दी में आए कार सवार बदमाशों ने बड़ौत तहसील के प्रभारी रजिस्ट्रार रामकिशोर (52) और उनके पड़ोसी राजवीर (58) को गोलियों से छलनी कर दिया।
इस मामले में छपरौली ब्लाक प्रमुख वीरमती के हिस्ट्रीशीटर बेटे परमवीर तुगाना समेत 18 पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके अलावा खट्टा प्रहलादपुर गांव में डिंपल उर्फ सतेन्द्र (28) को चार गोली मारी और चाकुओं से भी गोद दिया, जिसकी मौत हो गई।
आरोप उसके तीन दोस्तों पर है। छपरौली में किसान सतवीर (60) को सीने में गोली उतारकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद से उनका बड़ा बेटा लापता है, जिसपर हत्या का शक है। सलावतपुर खेड़ी गांव में नरेश (32) को शराब में जहर देकर मार दिया गया। हत्या का आरोप उसके दोस्तों पर है।
एक के बाद एक होती चली गई वारदात
सुबह साढ़े छह बजे हुई ट्योढ़ी की वारदात ढिकाना गांव स्थित ईंट भट्ठे की हिस्सेदारी के विवाद में हुई। मारे गए दोनों लोग भट्ठे में पार्टनर हैं। परमवीर अपना हिस्सा बताकर पैसे मांग रहा है। इसी विवाद में दो महीने पहले 12 जून को भट्ठे पर ही परमवीर के भाई नीटू की हत्या हुई थी।
माना जा रहा है कि यह डबल मर्डर उसी खून का बदला लेने के लिए किया गया है। घटनाक्रम के मुताबिक स्कॉर्पियों और स्विफ्ट गाड़ी से आए 17-18 बदमाशों ने कार्बाइन, पिस्टल और राइफलों से फायरिंग की।
डबल मर्डर के बाद दोनों मृतकों के परिजनों ने पुलिस को खूब खरी-खोटी सुनाई। तीन घंटे तक शव नहीं उठने दिए गए। उधर, बदमाशों ने भागते हुए ढिकाना में भट्ठे पर भी फायरिंग की। एफआईआर रामकिशोर के बेटे शुभम ने दर्ज कराई है।