लड़की के भाई को युवक ने दी चिट्ठी तो हुआ बवाल
यूपी में शामली के रामड़ा गांव में युवती के भाई को चिट्ठी देने पर हंगामा हो गया। युवती के भाई ने चिट्ठी फाड़ दी, जिससे गुस्साए आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर युवती के घर हमला बोल दिया।
इस दौरान जमकर फायरिंग की गई। जिससे एक वृद्ध और बालक गोली लगने से घायल हो गया। साथी की गोली लगने से एक हमलावर भी घायल हो गया। जिसे लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
ग्राम रामड़ा के नूर हसन पक्ष का आरोप है कि रविवार शाम पंकज नाम के युवक ने उसके पुत्र को एक चिट्ठी देते हुए कहा कि इसे अपनी बहन को दे देना। जिस पर उसने चिट्ठी फाड़ दी और घर पहुंचकर अपने पिता को मामले की जानकारी दी। रात में ही नूर हसन ने आरोपी पंकज को भला बुरा कहा।
दोनों ओर से हुई फायरिंग, आरोपी घायल
नूरहसन पक्ष का आरोप है कि इसी बीच पंकज के चार साथी वहां आ गए और उनसे झगड़ा करने लगे। उस समय तो किसी तरह से मामला शांत हो गया, लेकिन सोमवार सुबह पंकज ने अपने साथी नाजर, मेहताब, बिलाल और साबिर के साथ नूरहसन के घर पर हमला बोल दिया।
इस दौरान आरोपियों ने जमकर फायरिंग की। जिसमें गोली लगने से नूरहसन और पास ही खड़ा 12 वर्षीय बालक मुकरिम घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों को घेरने का प्रयास किया तो आरोपी बाइक पर भागने लगे।
ग्रामीणों के अनुसार इस दौरान अपने ही साथी द्वारा चलाई गई गोली से एक आरोपी साबिर घायल हो गया, जिसे भीड़ ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घायल नूर हसन व बालक मुकरिम को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोतवाली प्रभारी बी पी सिंह ने बताया कि घायल नूरहसन के पुत्र शहजाद की तहरीर पर पंकज, मेहताब, नाजर, बिलाल और साबिर निवासी रामडा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल आरोपी साबिर को गिरफ्तार करके उसका उपचार कराया जा रहा है। गांव में सुरक्षा के लिए पुलिस बल लगाया गया है।