अभिनेत्री बोली, होटल ब्वॉय ने गलत नीयत से छुआ
एक बॉलीवुड अभिनेत्री ने शुक्रवार को भोपाल के होटल में देर रात अपने साथ कथित रूप से उत्पीड़न की बात कही है। पीड़ित अभिनेत्री ने एक होटल ब्वॉय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
एमपी नगर के इंस्पेक्टर ब्रजेश भार्गव ने बताया कि अपनी शिकायत में अभिनेत्री ने कहा कि बृहस्पतिवार रात को जब वह अपने कमरे में सोने गई तो कमरे का दरवाजा खुला रहा गया। रात करीब दो बजे होटल स्टाफ का सदस्य उसके कमरे में दाखिल हुआ और उसे गलत नियत से छुआ।
अभिनेत्री एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में यहां आई हुई है और 16 अप्रैल से इस होटल में ठहरी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार इस संबंध में विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत
पूरे मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद भी होटल मैनेजमेंट ऐसी किसी भी घटना से इंकार किया है। होटल मैनेजमेंट ने इसे पब्लिसिटी स्टंट करार देते हुए एक सीसीटीवी फुटेज भी जारी किया है जिसमें अभिनेत्री होटलकर्मियों से बातचीत में मशगूल नजर आ रही है।
वहीं जब आरोपी से इस मुद्दे पर बात की गई तो उसने कहा कि दीदी उसे अच्छी लगती है, 10 दिनों से उन्हें देख रहा हूं। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
पिछले दो दिनों में ये दूसरी घटना है जब होटल में किसी के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। इससे पहले ब्रिटेन से आई एक महिला पर्यटक के साथ होटल में नहाने के दौरान इसी तरह की मामला सामने आया था।