पिता ने बेटी के मोबाइल पर भेजीं अश्लील तस्वीरें
मुजफ्फरनगर के एक व्यक्ति पर अपनी बेटी के मोबाइल पर अश्लील फोटो और मैसेज भेजने का आरोप है। उसकी पत्नी ने ही महिला थाने में पति के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने सोमवार को महिला थाने में पति के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि उसका पति श्रीबालाजी धाम के निकट दूध डेयरी चलाता है।
दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी 14 वर्ष, दूसरी बेटी 13 वर्ष और बेटा 10 वर्ष हैं। आरोप है कि पति के हरिद्वार निवासी महिला से अवैध संबंध हैं, जिसके चलते वह एक ही घर में पत्नी व बच्चों से अलग कमरे में रहता है।
बेटी को भेजने लगा अश्लील तस्वीरें
आरोप है कि पति अपनी बड़ी बेटी के मोबाइल पर कुछ दिन से अश्लील फोटो और मैसेज भेज रहा है। बेटी ने इसकी जानकारी मां को दी तो उसने पति को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसकी शर्मनाक हरकतें लगातार जारी रहीं।
इस पर महिला ने सोमवार को अपने अधिवक्ता राकेश कुमार कश्यप के साथ महिला थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महिला थाना इंस्पेक्टर मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। महिला के पति को थाने बुलाकर जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
दो बच्चियों का मारकर महिला ने लगाई फांसी
वाराणसी में फूलपुर क्षेत्र के गांव लठिया स्थित अपने मायके में रविवार की रात एक विवाहिता ने भतीजी और मासूम बेटी की हत्या के बाद फांसी पर लटककर जान दे दी। भतीजी का शव कमरे में बेड पर पड़ा था जबकि विवाहिता का शव गांव के बाहर पेड़ से फंदे के सहारे लटका था।
पेड़ के नीचे ही मासूम बच्ची मृत पड़ी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पता चला कि विवाहिता का किसी बात पर पति से विवाद हो गया था। पिछले हफ्ते ही वह मायके आई थी।
पुलिस ने मृतका के खिलाफ दोनों बच्चियों की हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि पुलिस इस पहलु पर भी जांच कर रही है कि विवाहिता की हत्या करने के बाद तो कहीं उसे फंदे पर नहीं लटकाया गया।
बिस्तर पर मौत की नींद सो रही थी बच्ची
लठिया निवासी कैलाश पटेल के दो पुत्र सुनील, अनिल हैं जबकि तीन पुत्रियों में कांति उर्फ वर्षा (22) सबसे छोटी थी। तीन साल पहले उसकी शादी जौनपुर के जलालपुर स्थित कुर्सिया बहरिया गांव निवासी जनार्दन पटेल के साथ हुई थी। पति जनार्दन पटेल मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है।
तीन माह पहले उसे एक पुत्री हुई तो वह परिवार को अपने साथ मुंबई लेता गया। वर्षा के भाई सुनील पटेल के मुताबिक बीते 18 दिसंबर को वर्षा और उसके पति के बीच किसी बात पर विवाद हो गया था। उन्हें जानकारी हुई तो मामले को सुलझाने के लिए उन्होंने 25 दिसंबर को बहन वर्षा को अपने घर बुला लिया था।
रविवार की शाम को ठंड के चलते वर्षा अपनी तीन माह की बच्ची के अलावा सुनील की सात वर्षीय पुत्री खुशी के साथ कमरे में सोने चली गई। रात करीब नौ बजे मां आशा देवी जब कमरे में पहुंची तो वर्षा और उसकी मासूम बच्ची वहां नहीं थी। सिर्फ खुशी रजाई में सोई हुई थी।
रात में ही परिवारवालों ने विवाहिता की तलाश शुरू की लेकिन कहीं पता नहीं चला। इस बीच किसी को यह भी पता नहीं चला कि कमरे में खुशी भी मौत की नींद सो चुकी है।
गांव से बाहर पेड़ से लटकी थी लाश
सुबह गांव के बाहर गए लोगों ने जब पेड़ से फंदे के सहारे विवाहिता का शव लटका देखा तो गांव में हल्ला मचा। परिवारवाले मौके पर पहुंचे। वहां वर्षा की मासूम बच्ची का शव पेड़ के नीचे पड़ा था। जबकि शाल का फंदा बनाकर विवाहिता ने फांसी लगाई थी।
मौके पर जुटे कुछ ग्रामीण विवाहिता की हत्या की आशंका भी जाहिर कर रहे थे। सूचना पाकर प्रभारी एसएसपी राहुल राज, एसपी ग्रामीण डा. एके पांडेय, एडीएम पिंडरा एसके शुक्ला, सीओ परमहंस मिश्र मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के बयान की वीडियो रिकार्डिंग कराकर फॉरेंसिक टीम बुलाई गई और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमर्टम के लिए भिजवाया गया।
एसओ फूलपुर संजीव मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई सुनील की तहरीर पर उसके खिलाफ दोनों बच्चियों की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। ऐसा लग रहा था कि गला कसकर दोनों की हत्या की गई हो।