फेसबुक पोस्ट ने कराया दोस्त का कत्ल
फेसबुक पर अगर आप भी अपने दोस्तों के वाल पर कामेंट पोस्ट करते है तो जरा सावधानी से ऐसा करें...यह आपके लिए भी घातक हो सकता है।
दरअसल, तमिलनाडु में एक शख्स ने अपने दोस्त की इसलिए चाकू घोंपकर हत्या कर दी क्योकि उसने उसके फेसबुक वाल पर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी कर दी थी।
डीएनए में छपी खबर के मुताबिक, तमिलनाडु के इरोड में एक फेसबुक पोस्ट के बाद 32 साल के शानमुगम को उसके दोस्त कार्तिक ने गुस्से में आकर चाकू घोंप दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान शानमुगम की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि 30 साल के डी कार्तिक ने कथित तौर शानमुगम की हत्या कर दी। शानमुगम ने कार्तिक को उसके फेसबुक पोस्ट पर उसे 'दलाल' बताया था। कार्तिक को शक था कि यह पोस्ट शानमुगम ने जानबुझ कर लिखा है।
सेक्स वर्करों के आने लगे थे फोन
पुलिस ने बताया कि उस फेसबुक पोस्ट में एक महिला की तस्वीर के साथ कार्तिक का मोबाइल नंबर भी शेयर किया गया था। उस पोस्ट के शेयर होते ही कार्तिक के पास सेक्स वर्करों की ओर से सेवा की व्यवस्था के लिए फोन आने लगे।
कार्तिक को शक था कि यह पोस्ट उसके ही किसी साथी ने डाली है। इस घटना से पहले कार्तिक और शानमुगम में काफी देर तक बहस भी हुई थी। इस बहस के दौरान शानमुगम ने आरोप को खारिज करते हुए कहा कि उसके पास इस तरह का गंदा पोस्ट शेयर करने के अलावा और भी कई बेहतर काम हैं।
लेकिन कार्तिक ने गुस्से में आकर शानमुगम को चाकू घोंप मार डाला। इस घटना के बाद उत्तर इरोड के निरीक्षक एस विजयन वहां पहुंचे और उसे सरकारी अस्पताल भेजा गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और वे जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार करेंगे।