फेसबुक पर गुनाहः पढ़ें, ये पांच कहानियां
युवाओं में लोकप्रिय सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक इन दिनों गुनाह करने का एक नया जरिया बन गया है। आए दिन फेसबुक पर महिलाओं के प्रति अपराध भी बढ़ते जा रहे है।
ये पांच घटनाएं बयां कर रही हैं कि कुछ गुमराह युवा किस कदर फेसबुक को क्राइम करने का नया ठिकाना बना रखें हैं। पहली घटना यूपी के मुरादाबाद की है।
एक शिक्षण संस्थान में प्रोफेशनल कोर्स कर रही छात्रा की अश्लील तस्वीर फेसबुक पर लोड किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की जांच साइबर सेल के हवाले की गई है।
फेसबुक पर अपलोड की छात्रा की अश्लील फोटो
यह तस्वीर छात्रा की मूल तस्वीर के साथ कंप्यूटर पर छेड़छाड़ करके तैयार की गई है।
जिसमें गर्दन से ऊपर का हिस्सा छात्रा का है और बाकी शरीर किसी पोर्न साइट से डाउनलोड किया गया है।
इस तस्वीर के जरिए छात्रा का फेसबुक एकाउंट भी बना दिया गया।
पता चलने के बाद से छात्रा सदमे में है और उसने इसकी लिखित शिकायत थाना पाकबड़ा पुलिस से की है।
पोर्न साइट से डाउनलोड की तस्वीर
छात्रा ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसकी आईडी पर एक फेसबुक एकाउंट खोला गया है। जिसके प्रोफाइल पिक्चर और कवर पर उसकी अश्लील तस्वीर अपलोड की गई है।
इस एकाउंट में नाम भी आंशिक परिवर्तन के साथ उसी का इस्तेमाल किया गया है। यही नहीं, आईडी पर लगातार उसकी अश्लील तस्वीरें अपलोड की जा रही हैं।
इन तस्वीरों पर कमेंटों की बाढ़ आई तो फेसबुक वॉल पर छात्रा की नजर पड़ी, जिससे वो सकते में आ गई। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फेसबुक पर गुमराह कर बर्बाद कर दी जिंदगी
दूसरी घटना भी मुरादाबाद से ही है। यहां एक युवक ने युवती को फेसबुक के सहारे गुमराह कर उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी।
तीन बच्चे व पत्नी होने के बाद भी युवक ने खुद को अविवाहित बताकर पहले शादी रचा ली, फिर विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। परेशान युवती ने अब कोर्ट की शरण ली है।
गाजियाबाद निवासी कामिनी की राकेश शर्मा से एक साल पहले फेसबुक पर मित्रता हुई। राहुल ने खुद को अविवाहित बताकर उसे अपने प्रेमजाल में फांस लिया चार महीने पहले शादी रचा ली।
कामिनी जब अपनी ससुराल आईं तो यहां का हाल देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। खुद को अविवाहित बताने वाले राकेश की मोनिका नाम की पत्नी घर में मिली।
अविवाहित बताकर फंसाया प्रेमजाल में
उनके तीन बेटी और एक बेटा भी था। जब कामिनी ने इसका विरोध किया तो मोनिका व राकेश ने मिलकर उसे पीटा। कामिनी का आरोप है कि राहुल ने उसकी जायदाद के चक्कर में उससे शादी की और विरोध करने पर उसे बंधक बना लिया।
मौका मिलते ही वह आठ दिन बाद पिता के घर गाजियाबाद चली गई और उसने परिवार वालों को सारी बात बताई। इस दौरान राकेश ने उसने फेसबुक पर उसके अश्लील फोटो डालने की भी चेतावनी दी।
परेशान कामिनी ने परिवार न्यायालय में वाद दायर किया है, जिसमें राकेश पर धोखाधड़ी करने और धमकाने का आरोप लगाया है।
अश्लील साहित्य अपलोड कर करता था बदनाम
तीसरी घटना बाराबंकी की है। यहां एक युवती पुलिस में मामला दर्ज कराई थी कि एक फेसबुक फ्रेंड्स उसका फर्जी आईडी बनाकर उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
इसके जरिए वह अश्लील साहित्य अपलोड कर और अन्य आपत्तिजनक हरकतें करता है। इस मामले में बाराबंकी पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने छानबीन कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके कब्जे से लैपटॉप और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है जिससे वह अपनी कारगुजारियों को अंजाम देता था। युवक की पहचान सार्थक राठौर उर्फ लवी राठौर निवासी सिविल लाइन फतेहगढ़ के रूप में की गई है। आरोपी युवक बीएससी पास और कंप्यूटर इंजीनियर है।
फर्जी आईडी बनाकर बदनाम करने की कोशिश
चोथी घटना गुड़गांव की है जहां एक युवक ने एक युवती का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उसे बदनाम कर रहा था।
सेक्टर-40 पुलिस ने युवती की शिकायत पर दो सप्ताह पहले साइबर क्राइम का केस अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया था। जांच में पता चला कि आरोपी मोनू ठाकरान (झाड़सा) और पीड़ित युवती पहले साथ में बिजनस करते थे।
बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच दूरियां बढ़ गईं। आरोप है कि इसी के चलते मोनू ने सोशल साइट पर युवती का फर्जी अकाउंट बना डाला। पुलिस ने आरोपी से वह हार्ड डिस्क भी बरामद कर ली, जिससे यह अकाउंट बनाया गया था।
फेसबुक पर अश्लील कमेंट से आहत किशोरी ने दी जान
पांचवी घटना कोलकाता की है, यहां फेसबुक पर अश्लील टिप्पणी से परेशान एक किशोरी ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस के मुताबिक रिया खन्ना (17) के प्रेमी ने फेसबुक पर उसका नकली प्रोफाइल बना कर उसमें अश्लील टिप्पणी की थी। इससे उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची। परेशान होकर किशोरी ने मंगलवार रात खुदकुशी कर ली।
घटनास्थल से पुलिस को एक नोट भी मिला है जिसमें मृतका ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए अपने प्रेमी फैजल इमाम खान (23) समेत उसके दो दोस्तों पर खुदकुशी करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। इस घटना में मंगलवार रात पुलिस ने आरोपी फैजल को उपेन बनर्जी रोड इलाके से गिरफ्तार कर लिया।