हीरोइन बनाने का झांसा देकर ब्लू फिल्म में काम करने का डाला दबाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फेसबुक पर दोस्ती करने वाले प्रतापगढ़ के युवक ने असम के सिलचर में रहने वाली ग्यारहवीं की छात्रा को हीरोइन बनाने का झांसा देकर अगवा कर लिया। उसने छात्रा को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर बुलाया फिर वहां से उसे भगाकर दिल्ली लाया।
कुछ दिन दिल्ली और नोएडा में ठहरने के बाद उसने छात्रा को यहां करेली लाकर एक गेस्टहाउस में वीडियो अलबम की शूटिंग कर रही टीम के साथ ठहरा दिया। मगर उसे अलबम में कोई काम नहीं मिला। युवक की असलियत पता चलने पर छात्रा ने सोमवार को अपने पिता को फोन किया तो यहां करेली पुलिस को सूचना मिली।
पुलिस ने गेस्टहाउस में छापा मारकर छात्रा सहित छह युवतियों को निकाला। पांच युवतियों को उनके परिजनों से फोन पर बात करने के बाद घर भेज दिया गया जबकि छात्रा का अपहरण करने वाले युवक, अलबम के डायरेक्टर तथा गेस्टहाउस के मैनेजर को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
तीन दिन तक छात्रा को होटलों में घुमाता रहा
इस छात्रा रचना तिवारी (नाम काल्पनिक) के पिता असम के सिलचर स्थित एक चाय बागान में मैनेजर हैं। रचना ग्यारहवीं की छात्रा है। कुछ समय पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती प्रतापगढ़ में सगरा इलाके के रत्नेश द्विवेदी से हुई। रत्नेश ने उसकी सुंदरता का बखान करते हुए कहा कि वह फिल्म निर्माता- निर्देशक है। वह उसे मॉडल और हीरोइन बना सकता है।
रचना उसकी बातों में आ गई। उसके बहकावे में आकर बॉलीवुड की फिल्म में हीरोइन बनने का ख्वाब देखते हुए वह छह अगस्त को घर से भाग निकली। रत्नेश उसे गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर मिला। वहां से उसे दिल्ली ले गया। तीन दिन तक उसे लेकर घूमता रहा और होटलों में ठहरा। फिर उसने यहां मऊआइमा इलाके के रहने वाले राजेश पटेल से बात की, जो वीडियो अलबम बनाने का काम करता है।
मौजूदा समय में वह देशभक्ति गीत के एक अलबम की इलाहाबाद में शूटिंग कर रहा है। रत्नेश तीन रोज पहले दिल्ली से रचना को लेकर करेली में नुरूल्ला रोड स्थित रॉयल गेस्ट हाऊस आ गया। इसी गेस्ट हाऊस में वीडियो अलबम की यूनिट भी ठहरी थी। मगर अलबम डायरेक्टर राजेश पटेल ने रचना को वीडियो में कोई भूमिका देने से मना कर दिया।
ब्लू फिल्म बनाने का दबाव देने पर सहमी
असम से अगवा कर यहां लाई गई ग्यारहवीं की छात्रा रचना ने पुलिस को बताया कि पहले रत्नेश ने उसे बॉलीवुड की फिल्म में हीरोइन बनाने का भरोसा दिया था। तीन दिन तक दिल्ली में ठहरने के दौरान वह उसे बरगलाता रहा।
फिर इलाहाबाद के गेस्टहाउस में लाने के बाद उस पर दबाव दिया कि वह ब्लू फिल्म बनाने के लिए राजी हो जाए तो काफी पैसे मिलेंगे। तब वह सहम गई और उसके चंगुल से भागने की सोचने लगी। फेसबुक से दोस्ती करने के बाद रचना को हीरोइन बनाने का झांसा देकर अगवा करने वाले रत्नेश की खराब नीयत को इसी से समझा जा सकता है कि उसने करेली के गेस्टहाउस में रचना को एक तरह से बंधक बना लिया था।
उसका मोबाइल फोन छीनकर सिम भी तोड़ दिया था ताकि वह अपने परिजनों से संपर्क न कर पाए। मुसीबत में फंसी रचना ने सोमवार को दूसरी लड़की के मोबाइल से पिता को फोन किया तब पुलिस पहुंची।
छह लड़कियों समेत गेस्टहाउस मैनेजर गिरफ्तार
फिर रचना के साथ रत्नेश ऐसी हरकत करने लगा जिससे उसे शक हो गया। उसने सोमवार को यूनिट की एक लड़की से मोबाइल लेकर अपने पिता को फोन किया और बताया कि वह इलाहाबाद में है। जहां वह ठहरी है उसके सामने अम्बर गेस्टहाऊस है।
रचना के पिता के परिचित गोरखपुर के एएसपी हेमंत पटेल ने यहां पुलिस को फोन किया। तब करेली थानाध्यक्ष सुनील दत्त राय ने रायल गेस्ट हाउस में छापा मारकर छह लड़कियों को बरामद कर वहां मौजूद रत्नेश, डायरेक्टर राजेश पटेल और गेस्टहाउस मैनेजर कलीम को हिरासत में लिया। हालांकि बाकी पांच लड़कियों के घरवालों से पुलिस ने फोन पर बात की तो उन्होंने कहा कि उनकी बेटियां अनुमति लेकर शूटिंग के लिए गई हैं।
उनमें दो फाफामऊ और एक पटना की लड़की है। उन्हें घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष के मुताबिक, शादी-ब्याह के लिए बने गेस्ट हाऊस में अवैध रूप से इस कथित वीडियो शूटिंग यूनिट को ठहराया गया था और असम से झांसा देकर लाई गई रचना से उसकी आईडी भी नहीं ली गई। इससे साफ है कि रत्नेश के अलावा गेस्ट हाऊस मैनेजर तथा वीडियो अलबम डायरेक्टर की भूमिका संदिग्ध है।