नशे में धुत कार चालक ने 5 को कुचला, 4 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश कौशाम्बी के चायल में नशे में धुत कार सवार युवकों ने रविवार दोपहर फतेहपुर सहाबपुर गांव के समीप सड़क किनारे बैठे एक ही परिवार के 5 लोगों को कुचल दिया। इनमें 4 लोगों की मौत हो गई जबकि दो साल के मासूम की हालत नाजुक बनी है।
मृतकों में फतेहपुर सहाबपुर गांव की शिवकन्या के साथ ही उसका बेटा, बेटी और देवरानी शामिल हैं। घटना से गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर पड़े। दुर्घटना करके भाग रहे कार सवारों को धर दबोचा और जमकर पिटाई करने के साथ कार को भी आग के हवाले कर दिया।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने इलाहाबाद-कौशाम्बी मार्ग को करीब 3 घंटे तक जाम रखा। हादसे और बवाल की खबर पर एएसपी, एसडीएम आदि अफसर मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने मौके पर ही सभी मृतकों के आश्रितों को 50-50 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
सवारी के इंतजार में बैठे थे पांचो
पिपरी थाने के फतेहपुर सहाबपुर गांव के सुखराम की बेटी पूजा उर्फ मूर्ति (25) की 4 साल पहले पिपरहाई गांव के चौधरी से शादी हुई थी। उसके दो साल का बेटा सचिन भी है। साल भर पहले पति से उसका मनमुटाव हो गया था।
तब से वह बेटे को लेकर मायके आ गई थी। रविवार को पूजा के इसी बिगड़े रिश्ते को लेकर पिपरहाई गांव की बाग में बिरादरी की पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में जाने के लिए पूजा अपनी मां, भाई, चाची और बेटे के साथ घर से निकली थी।
सभी गांव के बाहर किसी वाहन के इंतजार में सड़क किनारे बैठे थे। तभी दोपहर करीब 12.30 बजे तिल्हापुर की ओर से आई तेज रफ्तार बेकाबू कार ने पांचों लोगों को रौंद दिया। इससे पूजा देवी (25), उसकी मां शिवकन्या देवी (60), भाई विजय कुमार (35) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि चाची रामकली (45) पत्नी दीनानाथ ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने फूंकी कार
पूजा के दो साल के मासूम बेटे सचिन की हालत नाजुक बनी है। घटना देख आसपास के लोग शोर मचाते हुए दौड़े। सड़क किनारे 5-5 लोगों को खून से लथपथ पड़े देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
गुस्साए ग्रामीणों ने कार का पीछा किया तो चालक क्षितिज जैन निवासी अतरसुइया इलाहाबाद कार से कूदकर फरार हो गया मगर पीछे की सीट पर बैठे नमन मित्तल निवासी दारानगर और सारस्वत पांडेय निवासी साउथ मलाका को ग्रामीणों ने दबोच लिया और जमकर पिटाई की। ग्रामीणों ने उनकी कार भी आग के हवाले कर दी।
लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और मुआवजे की मांग करते हुए जाम लगा दिया। सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत और बवाल की सूचना पर एएसपी, एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे। घंटों की मान-मनौव्वल के बाद आखिर में एसडीएम चायल जवाहरलाल ने प्रति मृतक 50-50 हजार रुपये के चेक परिजनों को सोमवार को देने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।