यूपी: एकतरफा प्यार में किया डबल मर्डर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में हाथरस के बहुचर्चित रैगिंग कांड के मुख्य आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस ने इस मामले में कई रहस्य उजागर किए हैं। पुलिस की मानें तो एक तरफा प्यार से लेकर रैगिंग तक का यह किस्सा दो हत्याओं पर जाकर समाप्त हुआ।
इस मामले में मुख्य आरोपी ने अपने एक साथी के भी लिप्त होने की बात बताई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिषेक की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है। अभी वारदात में शामिल एक युवक की तलाश की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि दो सितंबर को शहर के दिल्ली वाला मोहल्ला में दो युवकों अंशुल और केशव की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। मामले ने काफी तूल पकड़ा था। उस समय यह बात सामने आई थी कि रैगिंग का विरोध करने पर पॉलीटेक्निक के छात्रों ने प्रॉक्टर के साथ मिलकर यह हत्या की है।
पुलिस ने नामजद एक छात्र सोहनलाल निवासी मुरसान और प्रॉक्टर बांकेलाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी अभिषेक यादव ने कोर्ट में समर्पण कर दिया था। पुलिस ने अभिषेक को रिमांड पर लेकर अब उससे पूछताछ की तो पूरा किस्सा सामने आया।
छात्रा से जूनियर की घनिष्ठता लगी नागवार
कोतवाली निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई कि अभिषेक अपने ही कॉलेज की सासनी की एक छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था, जबकि ऋषभ की इस छात्रा से घनिष्ठता थी। यह अभिषेक को नागवार लगता था। वह सीनियर छात्र था और उसने इसके चलते ऋषभ की अपने अन्य साथियों के साथ रैगिंग भी ली थी। इसकी शिकायत ऋषभ के भाई ने एक सितंबर को पॉलीटेक्निक में जाकर वहां के प्रॉक्टर से की थी।
इससे अभिषेक और ज्यादा चिढ़ गया था और उसने यह खतरनाक योजना बना ली। वह ऋषभ और उसके भाई को ठिकाने लगाने की नीयत से 2 सितंबर की रात्रि में उसके घर पहुंच गया। कोतवाली निरीक्षक के मुताबिक वहां उसे घर के बाहर ही ऋषभ का भाई अंशुल और अंशुल का दोस्त केशव मिल गए। अभिषेक और उसके दोस्तों का टकराव इनसे हो गया और इन्होंने अंशुल और केशव की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि हत्या के समय प्रॉक्टर तो वहां नहीं थे, लेकिन अभिषेक, सोहनलाल के साथ एक अन्य छात्र आकाश निवासी डौली खेरिया थाना ओझा मैनपुरी शामिल थे। हत्या के बाद यह बाइक से वहां से भाग गए। पुलिस ने अब अभिषेक की निशानदेही पर आकाश के नवीपुर स्थित उस कमरे से जहां वह किराए पर रहता था, वहां से एक पिस्टल बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक इसी से हत्या की गई। अब पुलिस आकाश को तलाश रही है।