डॉन को बड़ा झटका, पत्नी और बेटा अरेस्ट
बॉलीवुड के सितारों को धमकी देने और उन पर हमले की साजिश रचने के चलते लगातार चर्चा में रहे डॉन पुजारी को मुंबई पुलिस ने जोरदार झटका दिया है। पुलिस ने सोमवार देर शाम डॉन की पत्नी पद्मा और उसके 14 साल के बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों सिंगापुर की फ्लाइट से मुंबई इंटनेशनल एयरपोर्ट पर उतरे थे। इस मामले में खुफिया एजेंसियों को यह भी कहना है कि उन्हें सिंगापुर से भारत लाया गया है। उनके एयरपोर्ट पहुंचते ही मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
माना जा रहा है कि उनकी गिरफ्तारी से पुलिस रवि पुजारी पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। पुजारी ने मुंबई, पुणे, बंगलुरू और मंगलौर में पिछले दो साल में करीब 50 लोगों को धमकियां दी हैं या उनपर हमले करवाए हैं।
तो ये है गिरफ्तारी की असली वजह?
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, रवि पुजारी की पत्नी पद्मा को पहले ही रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका था। इसलिए उसे आते ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
बता दें कि इन दोनों की गिरफ्तारी तब हुई है जब मुंबई की जेजे मार्ग पुलिस ने जमीयत उल उलेमा की लीगल सेल के सचिव गुलजार आजमी को धमकी देने के आरोप में रवि पुजारी के खिलाफ नया केस दर्ज किया है।
पूर्व एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा ने 2005 में भी पद्मा को गिरफ्तार किया था। उस वक्त उस पर फर्जी पासपोर्ट इस्तेमाल करने का मामला दर्ज किया गया था। उसने गलत दस्तावेजों से अपनी दो बेटियों का भी पासपोर्ट बनवाया था।
इसका खुलासा होने पर उसे गिरफ्तार किया गया हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया लेकिन पद्मा ने एक बार फिर पुलिस को चकमा दिया और दोबारा फर्जी पासपोर्ट बनवा कर देश से फरार हो गई। इसके बाद से ही उसके खिलाफ नोटिस जारी किया गया था।