कारों के लिए डॉक्टर बना ठग, बीमा कंपनी को लगाई करोड़ों की चपत
इंग्लैंड के 68 वर्षीय डॉक्टर मार्क वालेवस्की को इलाज के लिए धोखाधड़ी से धन उगाही करने में लिप्त पाया गया है। वालेवस्की ने सरकारी बीमा कंपनी को करोड़ों रुपए का चूना लगा दिया। इस धांधली के लिए डॉक्टर को जेल जाना पड़ा है।
पेशे से दंत चिकित्सक वालेस्की पर आरोप है कि उसने 6 वर्षों के दौरान इंग्लैंड के नेशनल हेल्थ सर्विस को 222 हजार पाउंड यानी करीब सवा दो करोड़ रुपए का चूना लगाया है।
आरोप ये भी है कि मार्क वालेवस्की ने धोखाधड़ी को इसलिए अंजाम दिया ताकि शानदार कारों का कलेक्शन तैयार कर सके। धोखाधड़ी से जमा किए धन से डॉक्टर ने फरारी जैसे महगें ब्रांड क्लासिक गाड़ियां इकट्ठा की थीं।
हैरानी की बात ये भी है कि ऐसी करतूत को डॉक्टर ने तब अंजाम दिया जब उसकी साला आय ही डेढ़ लाख पाउंड यानी करीब डेढ़ करोड़ रुपए है।
झूठे कागजातों के दम पर करता रहा ठगी
मिरर की खबर के मुताबिक धन उगाही के लिए वालेवस्की ने मरीजों के झूठे कागजातों को बार-बार इस्तेमाल किया जो पहले से अपने इलाज में लगे पैसों का भुगतान कर चुके थे।
जिन लोगों को ठगा गया उनमें से ज्यादातर के बच्चों का इलाज किया गया था।
गिल्डफोर्ड क्राउन कोर्ट में सुनवाई के दौरान बताया गया कि जब नेशनल हेल्थ सर्विस के लिए नई भुगतान तकनीकी का इस्तेमाल किया जाने लगा तब से डॉक्टर धोखाधड़ी को अंजाम नहीं दे सका।
अदालत ने दंत चिकित्सक को उस पर लगे आरोपों में दोषी माना और उसे तीन साल के लिए कारावास की सजा सुना दी।
जज के मुताबिक दंत चिकित्सक का गुनाह बेशक गंभीर है लेकिन उसने डॉक्टर की डिग्री मेहनत करके हासिल की। इसलिए सारी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर को महज तीन साल की सजा दी गई।