हत्या कर लटकाई छात्रा की लाश, भाभी के आते ही भागे आरोपी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खेत पर चारा लेने गई ग्यारहवीं की एक छात्रा की लाश सोमवार शाम जंगल में दुपट्टे के जरिए पेड़ से लटकी मिली। जंगल में छात्रा की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर छात्रा को मार डाला और लाश पेड़ पर लटका दी। आरोपी पिछले कई महीने से छात्रा से छेड़छाड़ करता था और सोमवार को भी स्कूल जाते वक्त उसने छात्रा से छेड़छाड़ की थी।
छात्रा की बड़ी बहन और भाभी ने दावा किया है कि उन्होंने आरोपियों को मौके से भागते हुए देखा है। देर रात तक पुलिस मौके पर पड़ताल में जुटी थी।
स्कूल आते जाते छेड़ते थे आरोपी
नाबालिग छात्रा को मारकर पेड़ पर लटकाने की यह सनसनीखेज घटना गजरौला थाना क्षेत्र के गांव चौधरपुर माफी की है। फकीरा की बेटी प्रीति (17) गांव से पंद्रह किमी दूर स्थित गजरौला के कपिल आदर्श इंटर कालेज में ग्यारहवीं की छात्रा थी।
परिजनों का कहना है कि गांव का ही अनुज और उसका एक दोस्त आए दिन प्रीति के साथ छेड़छाड़ करते थे। स्कूल आते जाते उसे रास्ते में परेशान करते थे। छात्रा ने इस बाबत अपने घर वालों को भी बताया था।
जिसके बाद आरोपियों के घर शिकायत की गई थी। लेकिन बदनामी के डर से छात्रा के परिजन थाने तक जाने का साहस नहीं जुटा सके थे। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को भी स्कूल जाते वक्त आरोपियों ने छात्रा से बदसलूकी की थी।
खेत गई थी चारा लेने
छात्रा ने स्कूल से आकर अपनी भाभी और बड़ी बहन को इस बारे में बताया था। लेकिन उस वक्त छात्रा के पिता फकीरा बीमार बीवी चंदो को दवा दिलाने बाहर गए थे लिहाजा, भाभी और बहन ने कहा के मां पिता के लौटने पर थाने में शिकायत करेंगे।
इस बीच शाम को करीब पांच बजे प्रीति रोजाना की तरह खेत पर चारा लेने चली गई। पीछे से उसकी भाभी और बड़ी बहन भी खेत पर पहुंचे। दोनों का कहना है कि जब वह खेत पर पहुंचीं तो प्रीति की लाश पेड़ पर लटकी थी और गांव का ही अनुज और एक अन्य युवक मौके से भाग रहे थे।
दुपट्टे का फंदा बनाकर छात्रा को फांसी पर लटकाया गया था। परिजनों ने तहरीर दी है कि आरोपी युवकों ने गला घोंटकर मारने के छात्रा को पेड़ पर लटका दिया है। सूचना मिलते ही सीओ व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की छानबीन शुरू कर दी।