दरिंदगी के बाद दलित बालिका को गला घोंटकर मार डाला
यमुनापार के शंकरगढ़ इलाके में दलित बालिका की भरी दोपहरी में सामूहिक बलात्कार के बाद बेरहमी से कत्ल की संगीन वारदात में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनमें से एक आरोपी युवक की बहन का दूसरे रोज ब्याह होना था।
आरोपी अपने दो साथियों संग शादी के कार्ड बांटकर लौट रहा था तभी बंधा पर उपले बीन रही लड़की को गड्ढे में खींचकर उसके साथ हैवानियत कर डाली। उन तीनों ने बलात्कार के बाद गला घोंटकर बालिका की हत्या कर दी थी। वे तीनों हरियाणा भागने की फिराक में थे तभी खबर पाकर सतर्क पुलिस ने घेरकर दबोच लिया।
झकझोर देने वाली यह घटना सोमवार दोपहर की है। जनवा गांव निवासी 11 साल की रिंकी (नाम काल्पनिक) की मां की मौत हो चुकी थी। पिता भी टीबी से पीड़ित होने के नाते घर पर ही लाचार पड़ा रहता है। ऐसे में वह बाबा के सहारे थी।
गांव के बाहर उपले उठा रही थी पीड़िता
सोमवार दोपहर वह गांव के बाहर बंधा पर सुनसान में उपले उठा रही थी तभी उसे हवस में अंधे लड़कों ने दबोचा और दरिंदगी कर मार डाला। पुलिस को एक चश्मदीद मिल गया, जिसने दरिंदगी करने वालों के नाम बता दिए।
सीओ कुलभूषण ओझा ने शंकरगढ़, बारा, लालापुर थाने की पुलिस के साथ लगातार छापामारी की। गुरुवार सुबह शंकरगढ़ थाना प्रभारी दिनेश सिंह यादव ने तीनों दुराचारियों को इलाहाबाद-चित्रकूट सीमा पर टकटई गांव के पास दबोच लिया।
एसएसपी बीपी श्रीवास्तव के मुताबिक, पकड़े गए तीनों आरोपी रोहित (23 वर्ष), सुनील उर्फ संजू (18 वर्ष), आदर्श सिंह उर्फ भइया (18 वर्ष) बगल के अमगोदर गांव के रहने वाले हैं। इनमें रोहित और संजू हरियाणा में फरीदाबाद की एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं।
होने वाली थी आरोपी की बहन की शादी
रोहित की बहन की 21 अप्रैल यानी मंगलवार को शादी थी। शादी के लिए ही वह कुछ रोज पहले आ गया था। ब्याह से एक रोज पहले वह संजू और भइया के साथ कार्ड बांटकर लौट रहा था तभी उन तीनों की नजर उपले उठा रही रिंकी पर पड़ी।
वे उसे कुछ दूर पर पेड़ के नीचे खींचकर ले गए। कपडे़ फाड़ दिए। फिर रोहित, संजू और भइया ने उसके साथ हैवानियत की। मनमानी के बाद रोहित और संजू ने मुंह तथा गला दबाकर उसकी हत्या की और भाग गए।
देर रात लोगों ने लाश देखी तो घटना का पता चला। चश्मदीद से पूछताछ के बाद खोजबीन में जुटी पुलिस ने आखिरकार उन्हें दबोच लिया। एसएसपी ने बताया कि लड़की इन तीनों को पहचान थी इसलिए दुराचार के बाद उसकी हत्या कर दी थी।