बाइक सवार बदमाशों ने दो भाइयों को गोलियों से भूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बड़ौत (बागपत) क्षेत्र के बावली गांव में सशस्त्र बदमाशों ने सोमवार सुबह दो भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर मौत के घाट उतार दिया। इस बीच वहां से जा रहा पड़ोस का एक युवक भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।
एसपी शरद सचान ने मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली। पुलिस पुरानी रंजिश को वारदात का कारण बता रही है। मृतकों के पिता ने गांव के ही 12 हजार के इनामी और प्रमोद गांगनौली गिरोह के बदमाश अजीत उर्फ हप्पू समेत छह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
बावली गांव निवासी सतपाल के पुत्र राजकुमार (28) और जयवीर उर्फ टोनी (26) सोमवार की सुबह अपने घेर में पशुओं को नहला रहे थे। तभी चार बाइकों से कई नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और दोनों भाइयों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
फायरिंग से दहशत में गांव
दोनों भाइयों को कई गोलियां लगीं और वह लहूलुहान होकर गिर गए। इस बीच वहां से गुजर रहा पड़ोसी ब्रह्म सिंह पुत्र भुल्लन भी पेट में गोली लगने से घायल हो गया। कई गोलियां घेर में बंधे पशुओं को भी लगी थीं। इसके बाद बदमाश मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव दहल गया। ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। परिजन तुरंत तीनों को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने राजकुमार और जयवीर को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि ब्रह्म सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके से 12 कारतूस भी मिले हैं, जो 12 बोर, 315 बोर के बताए गए हैं। सूचना पर एसपी शरद सचान भी पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आ रही है।
पिता सतपाल ने बावली के 12 हजार के इनामी बदमाश अजीत उर्फ हप्पू समेत गांव के ही सोबीर, उदयवीर, विकास, प्रवेश, दीपक और एक अन्य के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी अजीत का प्रमोद गांगनौली गिरोह से संबंध है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।