लूट को अंजाम देकर भागे बदमाशों की रास्ते में मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली की लखीमपुर रोड स्थित रजौरा गांव के मोड़ के पास रविवार की रात करीब 12 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जिनकी पहचान इनामी बदमाशों के तौर पर हुई है। बताया गया है कि वे दोनों एक डेयरी पर लूटपाट करके भाग रहे थे।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की तलाशी ली तो हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी 28 वर्षीय प्रदीप कुमार तिवारी उर्फ डब्बू के पास से 315 बोर तमंचा, तीन जीवित कारतूस और कंधरापुर निवासी इंद्रपाल से लूटा हुआ पर्स मिला। दूसरे मृतक की पर्स में मिले आधारकार्ड से 27 वर्षीय सोनू मिश्रा निवासी रामनगर कालोनी कुइयां महोलिया थाना बंडा जिला शाहजहांपुर के रूप में पहचान हुई।
कंधरापुर निवासी इंद्र्रपाल को रविवार रात लगभग 11 बजे ज्ञान डेयरी के पास रेलवे क्रॉसिंग पर दोनों बदमाशों ने तमंचे की बटों से पीटा था और नकदी लूट ली थी। बदमाशों के पास हरे रंग की बाइक थी।
पुलिस का अनुमान है कि दोनों बदमाश इस घटना के बाद किसी अन्य घटना को अंजाम देना चाहते थे, जिसके लिए जाते समय अज्ञात वाहन से टकराकर दोनों की मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। बताते हैं कि यह लोग कांशीराम आवास कॉलोनी में किसी के यहां घटना को अंजाम देने के बाद शरण लेते थे। इनके आतंक से हैदराबाद और गोला पुलिस परेशान थी।
डब्बू तिवारी के खिलाफ दर्ज हैं 18 मुकदमे
डब्बू तिवारी के पिता राजकुमार तिवारी की सूचना पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे में मारे गए सोनू मिश्रा के भाई आशुतोष ने बताया है कि सोनू चार दिन पहले घर से निकला था। रविवार को उससे बात हुई थी, उसने सोमवार को घर लौटने की बात कही थी। सोनू की शादी हो चुकी थी, जिससे उसका एक बच्चा भी है।
सड़क दुर्घटना में मरे प्रदीप तिवारी उर्फ डब्बू पर हैदराबाद, गोला और नीमगांव थानों में 18 मुकदमें दर्ज थे। ममरी संवाददाता ने बताया है कि प्रदीप तिवारी उर्फ डब्बू के खिलाफ हैदराबाद थाने में भी आठ मुकदमे दर्र्ज हैं। गोला कोतवाल एके उपाध्याय ने बताया कि इसके खिलाफ अब तक 18 मुकदमे दर्ज होने का रिकार्ड मिला है।
सड़क दुर्घटना में मारे गए प्रदीप के साथी सोनू मिश्रा का भी अच्छा खासा अपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। सोनू पर सीतापुर जिले के थाना हरगांव में कई मुकदमे दर्ज हैं। जबकि शाहजहांपुर और पीलीभीत में भी कई मुकदमें दर्ज होने की सूचना है।
कुछ दिन पहले जमानत पर छूटा था डब्बू
प्रदीप तिवारी उर्फ डब्बू गंभीर आरोपों में काफी समय से जेल में निरुद्ध था। मृतक के पिता राजकुमार तिवारी ने बताया कि बेटी उमा की पांच जून को शादी है, जिसकी तैयारियों के लिए डब्बू की जमानत कराई थी। वह 27 अप्रैल 2015 को जमानत पर छूटकर घर आया था। उन्होंने बताया कि रविवार को डब्बू गोला में टेंट की बुकिंग के लिए गया था। खास बात यह है कि डब्बू के साथी सोनू के बारे में जानकारी होने से परिवार वालों ने इंकार किया है।