पड़ोसी युवती के घर युवक की हत्या पर मचा बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अब्दुलपुरवा में युवक का शव पड़ोसी युवती के घर में पंखे से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने युवती की पिटाई कर उसके खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने युवती को हिरासत में रखा है। देहात कोतवाली क्षेत्र के अब्दुलपुरवा निवासी शाहनवाज उर्फ सानू (28) पुत्र इस्लामुद्दीन का शव शुक्रवार सुबह पड़ोस में रहने वाली एक युवती के घर में पंखे से लटकता मिला।
मौके पर पहुंचे युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए युवती के घर हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच युवती सामने पड़ी तो उसे जमकर पीटा, तभी वहां पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवती को लोगों के चंगुल से छुड़ाया और उसे कोतवाली भेज दिया। इस बीच आसपास के लोग जुट गए। युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पिहानी चुंगी पर रास्ता जाम कर दिया। रोडवेज बस व अन्य वाहनों पर ईंट पत्थर मार कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।
मामला तूल पकड़ते देख एएसपी पूर्वी मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एएसपी पूर्वी डीसी दुबे ने बताया कि मामला आपसी संबंधों का है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। मृतक की मां की तहरीर पर युवती के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज किया गया है।
मामला दो समुदायों से जु़ड़ा होने के कारण घटनास्थल पर फोर्स तैनात कर दिया गया। सूत्रों की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत का कारण गला दबना बताया गया है। पुलिस हिरासत में ली गई युवती से भी पूछताछ कर रही है।
पत्नी को छोड़ युवती के यहां आता जाता था युवक
अपना घर छोड़कर नानी के साथ ननिहाल में रह रही युवती के घर पड़ोसी युवक का पिछले तीन साल से आना जाना था। बीती रात दोनों के बीच कुछ तकरार हुई, जिस पर युवती ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में हिदायत देकर उसे छोड़ दिया, जिससे बाद युवक दोबारा युवती के घर जा पहुंचा, जहां उसके साथ घटना घट गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अब्दुलपुरवा निवासी इस्मालुद्दीन पीडब्ल्यूडी में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात थे। बताया जाता है कि उनको फालिस का अटैक पड़ने के कारण वह कई साल से वह घर पर ही रह रहे थे। उनका पुत्र शाहनवाज उर्फ सानू (28) ठेकेदारी करता था। उसकी शादी शहर कोतवाली के मोमिनाबाद निवासी फरजना से हुई थी। उसके दो पुत्र लकी व अयान है।
परिजनों के अनुसार उनके पड़ोस में नानी के घर रह रही एक युवती के यहां शाहनवाज का आना जाना था। बीती रात भी वह युवती के घर गया था, जहां किसी बात को लेकर उसका युवती से विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर युवती ने पिहानी चुंगी चौकी पुलिस को मोबाइल पर सूचना दी, जिस पर चौकी पुलिस ने मौके पर जाकर शाहनवाज को हिरासत में ले लिया और चौकी लाकर हिदायत देकर छोड़ दिया। मूड में होने के कारण वह फिर युवती के घर चला गया। जहां उसके साथ हादसा हो गया।
शुक्रवार को यह मामला काफी चर्चा में बना रहा। कोतवाली देहात के एसएसआई केपी सिंह ने बताया कि युवक मूड में था, जिसे पकड़ने के बाद चौकी पुलिस ने घर जाने की हिदायत देते हुए छोड़ दिया था। उधर, शाहनवाज की पत्नी विगत पांच माह से अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। पति की हत्या की खबर सुनते ही वह पहुंची और शव देखते ही अचेत हो गई। रोते हुए बताया कि इस लड़की के कारण ही उसके पति उसे पीटते थे, आज यह हादसा हो गया।