सनकी आशिक ने सगाई से पहले बहाया खून
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इकतरफा प्यार में पड़कर एक युवक ने तीन जिंदगियां तबाह कर दीं। मामला अलीगढ़ का है। विष्णुपुरी स्थित वरुण नर्सिंग होम वाली गली में बृहस्पतिवार दोपहर सिरफिरे आशिक ने युवती व उसकी बहन पर चाकू से हमला बोल दिया।
जब नर्सिंग होम स्टाफ उसे छुड़ाने पहुंचा तो खुद की गर्दन भी काट ली। तीनों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। हमलावर युवक और प्रेमिका की हालत गंभीर है। फिलहाल पुलिस इसे इकतरफा प्यार का मामला बता रही है और युवक पर हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन जारी है।
घटनाक्रम के अनुसार क्वार्सी इलाके की 23 वर्षीय युवती एक सरकारी कार्यक्रम से जुड़ी है। बृहस्पतिवार सुबह वह शहर के डिग्री कॉलेज में अध्ययनरत अपनी छोटी बहन के साथ अपनी किसी मीटिंग में शामिल होने घर से धनीपुर इलाके में आई थी।
छोटी बहन के पेट में मारा चाकू
वहां से किसी काम से वह विष्णुपुरी इलाके में पहुंची, तभी उन्हें इलाके का ही सूरज (27) पुत्र मोहर सिंह वाल्मीकि मिला, जो दिल्ली में निजी कंपनी में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात है।
इस दौरान युवक बड़ी बहन से वरुण नर्सिंग होम वाली गली में बात करने लगा, जबकि छोटी बहन कुछ दूरी पर खड़ी हो गई। बमुश्किल तीन-चार मिनट की बातचीत में युवक ने युवती पर चाकू से हमला बोल दिया। यह देख छोटी बहन बचाने पहुंची तो उसके पेट में भी चाकू घोंप दिया।
यह नजारा देख रहे नर्सिंग होम व मेडिकल स्टोर स्टाफ से जुड़े अजय भार्गव, आशू गुप्ता, सुमंत, विशाल आदि ने बहादुरी का परिचय देते हुए युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने खुद की गर्दन काट ली।
इस पर आनन-फानन तीनों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया। खबर पर सीओ सिविल लाइंस, इंस्पेक्टर व एसओ क्वार्सी भी पहुंच गए। बाद में युवती का पिता भी पहुंच गया।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार युवती पक्ष ने किसी तरह के प्रेम प्रसंग की बात नकारी है। इकतरफा प्यार का मामला लग रहा है। युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
'अगर बात नहीं मानी तो दोनों मर जाएंगे'
युवक के जेहन में युवती के प्रति गुस्सा था या यह कसम खाकर आया था कि अगर बात नहीं मानी तो दोनों मर जाएंगे। वजह जो भी हो, मगर वह पूरी प्लानिंग से आया था और उसके गुस्से का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि युवती के शरीर पर युवक ने कुल 17 वार किए हैं।
जब तक छोटी बहन और नर्सिंग होम स्टाफ उसे बचाता, तब तक उसने युवती के चेहरे, गर्दन, बाजू, पेट, पैर पर कुल 17 वार कर दिए। बचाने वालों में शामिल अजय भार्गव की मानें तो खुद उन्होंने वाइपर की मदद से युवक के हाथ से चाकू गिराने का प्रयास किया, तब तक छोटी बहन और खुद पर भी हमला कर दिया।
बाद में जब उसकी तलाशी ली गई तो हाथ के चाकू के अलावा उसकी जेब में दो उस्तरे भी मिले। इससे साफ है कि वह पूरी प्लानिंग से आया था। फिलहाल पुलिस युवतियों के बोल पाने का इंतजार कर रही है। उनके बोलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फरवरी में थी युवती की शादी
बेशक हमले की घटना के कुछ घंटे बाद तक मामले में सभी पक्ष चुप्पी साधे रहे। मगर शाम होते होते पुलिस जांच में परत खुलने लगीं। यह हमला क्यों हुआ? यह भी साफ होने लगा।
जांच में पता चला कि युवती की फरवरी 2015 में शादी होनी थी। परिजनों ने उसकी शादी मथुरा के एक युवक से तय कर दी थी। इधर, युवक की शुक्रवार को कासगंज से मंगनी होनी थी। इसी मंगनी के लिए दिल्ली से युवक बृहस्पतिवार को अलीगढ़ आया था।
इस तथ्य के सामने आने के बाद पुलिस मानकर चल रही है कि युवक युवती पर साथ रहने का दबाव डाल रहा होगा। मगर युवती यह करने को तैयार नहीं होगी। बस इसी के चलते वह युवती से आखिरी बार बात करने आया था और प्लानिंग के तहत अपने साथ चाकू भी लाया था। फिलहाल पुलिस अब युवतियों के होश आने का इंतजार कर रही है।