पीने से रोका तो खौलते तेल में डुबोया दोस्त की पत्नी का सिर
मेरठ में शराब पीने का विरोध करने पर पति के दो दोस्त दरिंदगी पर उतर आए। दोनों ने उसकी पत्नी का सिर खौलते तेल की कढ़ाई में डुबो दिया। इस सनसनीखेज और दुस्साहसिक वारदात में महिला का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पति और उसके एचसीपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा परिचालक दोस्त फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार थाना टीपीनगर क्षेत्र की गुप्ता कॉलोनी उत्तमनगर में विजयपाल परिवार के साथ रहता है। विजयपाल का एक दोस्त कृष्णपाल हापुड़ पुलिस लाइन में एचसीपी (हेड कांस्टेबिल प्रमोटेड) पद पर तैनात है। जबकि दूसरा दोस्त अशोक मुरादाबाद रोडवेज में परिचालक है। दोनों दोस्त बुधवार रात विजयपाल से मिलने उसके घर पहुंचे थे।
पुराने दोस्तों से लंबे समय के बाद मिलने पर विजयपाल ने उनके साथ पूरी रात शराब पी। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे विजयपाल की पत्नी संतोष चाय के लिए पूछने गई तो तीनों शराब के नशे में धुत थे। इसके बावजूद दोनों दोस्त और शराब पीने की जिद करने लगे।
दरिंदगी देख सहमे पड़ोसी
पूरी रात के बावजूद फिर सुबह से शराब पीने की जिद पर संतोष की पति और उसके दोस्तों के साथ कहासुनी हो गई। इसके बावजूद दोस्तों के कहने पर विजयपाल दोबारा से शराब लेने ठेके पर चला गया।
संतोष किचन में सब्जी बनाने की तैयारी कर रही थी। उसने कढ़ाई चढ़ाकर तेल डाला था। इस बीच कृष्णपाल और अशोक किचन में पहुंच गए और संतोष का सिर पकड़कर कढ़ाई में डुबो दिया।
खौलते तेल की कढ़ाई में सिर डालने से संतोष तड़प उठी और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। संतोष का पूरा चेहरा जल गया। संतोष की चीख सुनकर पड़ोसी उसके घर में घुसे। उन्होंने कृष्णपाल को तो मौके पर ही दबोच लिया, जबकि अशोक किसी तरह छूटकर फरार हो गया।
मां को देखकर हुए बदहवास बच्चे
घटना की सूचना पर टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी संतोष को जिला अस्पताल भेजा। एसओ टीपी नगर प्रशांत कपिल ने बताया कि महिला के पति के दोस्तों ने शराब पिलाने से इंकार करने पर महिला को जला दिया। तहरीर के आधार पर विजयपाल, कृष्णपाल और अशोक के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज करते हुए विजयपाल और कृष्णपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अशोक की तलाश की जा रही है।
मां का झुलसा चेहरा देखकर उसका बेटा सोनू और बेटी बदहवास हो गए। परतापुर बाईपास स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करने वाला सोनू जब सुबह घर पर पहुंचा तो मां का झुलसा देखकर गश खाकर गिर पड़ा। सोनू ने पुलिस से अपने पिता के दोस्तों की शिकायत की।
उधर, पड़ोसियों ने बताया कि जब वे चीख सुनकर घर पहुंचे थे तो संतोष का चेहरा बुरी तरह से झुलस चुका था। कृष्णपाल और अशोक किचन में ही मौजूद थे। हमने अशोक को भी पकड़ लिया था, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग गया।