आतंकवादी बनकर वसूली करते धरा गया पुलिसकर्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खुद को जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी बताकर एक परिवार से धन उगाही करने वाले एक पुलिस कर्मी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह तीन माह से एक परिवार को डराकर धन उगाही कर रहा था। आरोपी कांस्टेबल बिलाल अहमद एसओजी अवंतीपोरा में तैनात था।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक अवंतीपोरा के त्राल इलाके में तैनात पुलिसकर्मी बिलाल अहमद श्रीनगर के गांव उमेरहर निवासी एक परिवार को डराकर उनसे धन उगाही कर रहा था। उसने परिवार के सदस्यों को अपनी पहचान जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी के रूप में बताई थी।
परिवार के सदस्य उससे इतने डरे हुए थे कि वे तीन माह से उसकी डिमांड पूरी कर रहे थे।
पीड़ित परिवार से वसूले दो लाख
पुलिस के मुताबिक अब तक आरोपी कांस्टेबल पीड़ित परिवार से दो लाख रुपये से अधिक वसूल चुका था। पैसे के लेनदेन पर उसका उक्त परिवार के सदस्यों के साथ बुधवार को झगड़ा हो गया। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई।
उसने अपने पास रखे हथियार से गोली चलाकर परिवार वालों को धमकाने का भी प्रयास किया, लेकिन साहस करके परिवार के सदस्यों ने उसे दबोच लिया।
इस बीच, हाथापाई के बीच गोली चलने से वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार आरोपी पुलिसकर्मी गुलाब बाग का है। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया है।