कोच ने खिलाड़ी को बुरी तरह से पीटा, एफआईआर दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में गोरखपुर में वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में जिम्नास्टिक प्रशिक्षक पर इंटर के छात्र को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है।
पीड़ित छात्र के परिजनों का आरोप था कि इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार को जब वह अपने बेटे से मिलने गए तो उन्हें कॉलेज प्रशासन ने मिलने नहीं दिया।
परिजनों की शिकायत पर चिलुआताल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जिम्नास्टिक प्रशिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रमुख सचिव खेल डॉ. अनीता भटनागर जैन ने मामले की जांच का आदेश दिया हैं। उधर कॉलेज प्रशासन ने प्रशिक्षक को निकाल दिया है।
कोच ने खिलाड़ी को क्यों पीटा?
गुलरिहा क्षेत्र के झुगिया बाजार निवासी घनश्याम दास गुप्ता का बड़ा बेटा शिवम कुमार गुप्ता जिम्नास्टिक का खिलाड़ी है। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में इंटर की पढ़ाई के साथ-साथ जिम्नास्टिक का प्रशिक्षण ले रहा है।
शिवम ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह प्रैक्टिस की घंटी बजने पर वह तैयार होने जा रहा था। लेकिन इस दौरान पानी नहीं आने की वजह से वह फ्रेश नहीं हो सका। शिवम ने अपनी समस्या को प्रशिक्षक नीरज सिंह को बताई।
शिवम का आरोप है कि प्रशिक्षक उसे प्रैक्टिस करने का दबाव बनाने लगे। जब उसने इससे इंकार कर दिया तो प्रशिक्षक ने उसे रोल से पीट दिया। इसके बाद जिम्नास्टिक हाल में भी उसकी पिटाई की।
शुक्रवार सुबह प्रधानाचार्य संतोष रावत से जब छात्र शिकायत करने पहुंचा तो प्रशिक्षक ने वहां भी उसे पीट दिया। शिवम के पीट और गले पर चोट के कई निशान लगे हैं। शिवम से मारपीट की जानकारी जब उसके पिता घनश्याम को हुई तो वह परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर शिवम से मिलने पहुंच गए।
परिजनों का आरोप था कि उन्हें शिवम से मिलने नहीं दिया गया। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर चिलुआताल पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को सामने देखकर शिवम ने रो-रो कर सभी को आपबीती बताई। शिवम के पिता घनश्याम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर प्रशिक्षक नीरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, मुकदमा दर्ज होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने प्रशिक्षक को देर रात निकाल दिया।