साइबर बदमाशों ने बनाया न्यायिक अधिकारी को शिकार, लगाई खाते में चपत
साइबर क्राइम का ग्राफ दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। उत्तर प्रदेश के ताज नगरी आगरा से एक चौकाने वाली खबर तब सामने आई, जब एक न्यायिक अधिकारी के साथ ही साइबर बदमाशों ने ठगी को अंजाम दे दिया।
साइबर बदमाशों ने न्यायिक अधिकारी के खाते से तकरीबन 45 हजार की चपत लगा दी।
बदमाशों ने बड़ी ही चलाकी से पहले तो न्यायिक अधिकारी को फोन कर उसे यकीन दिलाया कि वो एसबीआई बैंक से बोल रहे हैं, फिर एटीएम और पेन कार्ड की जानकारी लेने के बाद 45 हजार रुपये की आनलाइन शॉपिंग कर डाली।
मामले की शिकायत थाना हरीपर्वत में की गई है। एसओ के मुताबित मामले की जांच साइबर सेल से जांच कराई जाएगी।
बदमाशों ने ऐसे लगाया न्यायिक अधिकारी को चूना
आगरा में नई तैनाती पर आए न्यायिक अधिकारी शनिवार रात हरीपर्वत इलाके में एक होटल में रुके थे। रविवार सुबह न्यायिक अधिकारी के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई का कर्मचारी बताया और कहा कि आपका केवाईसी फार्म अपडेट करना है, इसके लिए पेन और एटीएम कार्ड नंबर बताना होगा।
न्यायिक अधिकारी ने दोनों कार्ड की जानकारी दे दी। इसके बाद कॉल डिसकनेक्ट हो गई। कुछ देर बाद अधिकारी के मोबाइल पर दो मैसेज आए। इससे पहले वह मैसेज पढ़ पाते, एक और कॉल आया। इस बार उक्त व्यक्ति ने दोनों मैसेज पर लिखे कोड नंबर के बारे में जानकारी ली और कॉल डिसकनेक्ट कर दी।
तीन मिनट बाद न्यायिक अधिकारी के खाते से 45 हजार रुपये की आनलाइन शॉपिंग कर ली गई, जिसकी जानकारी एक और मैसेज से हुई।