कोचिंग सेंटर में बच्चे की हत्या, लाश से दरिंदगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बरेली के प्रेमनगर इलाके में बंद कोचिंग सेंटर में बारह साल के बच्चे का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। शव पर पाए गए निशान गवाही दे रहे हैं कि हत्या से पहले उसका गला दबाने की कोशिश हुई और फिर उसे सिर के बल पटका गया।
हत्यारों ने घसीटते हुए उसका मुंह और नाजुक अंग कुचलने के साथ उसके सिर शरीर पर सत्रह जगह वार किए। हत्या के बाद बालक के नग्न शव को पड़ोस के ही छत पर फेंक दिया गया।
एसपी सिटी का कहना है कि बालक के चिढ़ाने से आजिज आ चुके चौकीदार ने उसकी हत्या की है। चौकीदार और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि इस मामूली बात पर इतनी निर्दयता से बच्चे के कत्ल की बात लोगों के गले नहीं उतर रही है।
बिना कपड़ों के छत पर पड़ी थी लाश
प्रेमनगर इलाके के आरकेपुरम निवासी मोबीन फेरी लगाकर बच्चों के कपड़े बेचते हैं। मोबीन का बारह वर्षीय पुत्र मुनीर गांधीनगर चौराहे पर स्थित मुकेश अग्रवाल की कंफेक्शनरी की दुकान पर काम करता था। मुकेश ने बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे उसे गांधीनगर में ही रहने वाली निशा सक्सेना के घर दूध की थैली देने को भेजा।
उसने यहां दूध की थैली दी और इसके बाद वह दुकान पर नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद भी जब मुनीर नहीं लौटा तो दुकानदार ने उसके घर पर फोन किया। परिवार वाले पूरे दिन उसे तलाशते रहे। शुक्रवार सुबह मोबीन और उनके परिवार के तहसीन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने प्रेमनगर थाने आ रहे थे।
तभी सूचना मिली कि गांधीनगर निवासी ललितपुर में पंचायत राज विभाग में तैनात एएमए सुशील कुमार गुप्ता की छत पर बालक का शव नग्न अवस्था में पड़ा है। शव को सुबह नौ बजे सुशील गुप्ता के बराबर घर में रहने वाली ऋतु सक्सेना ने उस समय देखा, जब वह अपने छत पर कपड़े सुखाने के लिए डालने गईं।
कुचला था प्राइवेट पार्ट, हाथ पैर में भी चोटें
उन्होंने इसकी सूचना सुशील के घरवालों को दी। सूचना पर पुलिस और मुनीर के परिवार के लोग पहुंच गए। उसके कुचले हुए मुंह से खून बह रहा था। मारने के दौरान उसे घसीटने से सीने और पेट के निचले हिस्से पर चोट के निशान थे। उसका प्राइवेट पार्ट कुचला हुआ था और हाथ-पैर सूजे हुए थे।
कुछ ही दूर पर उसके कपड़े और चप्पल, एक मटमैले रंग का थैला एवं एक दूध की थैली पड़ी थी। एसपी सिटी राजीव मल्होत्रा ने बताया कि बंद पड़ी कोचिंग में तैनात चौकीदार पंकज सक्सेना निवासी पटे की बजरिया से बालक हंसी मजाक कर उसे अक्सर चिढ़ाता था।
इसी खुन्नस में चौकीदार ने निशा सक्सेना के आवास से दूध देकर लौट रहे मुनीर को बंद कोचिंग में खींच लिया और उसकी हत्या कर दी। इंस्पेक्टर प्रेमनगर देवेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट उन्हें मिल गई है। जिसमें बच्चे का गला दबाने की कोशिश करने के साथ उसे सिर के बल पटककर मारने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक के शरीर पर कुल सत्रह चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम से पता चला है कि बालक की हत्या दिन में ही कर दी गई थी।
छत पर मिले लाश घसीटने के निशान
मुनीर की हत्या बंद पड़ी दो मंजिला फिजिक्स प्वाइंट कोचिंग के निचले हिस्से में गला दबाकर की गई। इसके बाद उसको घसीटते हुए दो मंजिल छत पर ले जाया गया। यहां भी काफी घसीटने के निशान पाए गए। चप्पलों के निशान भी बने थे।
बालक की हत्या दिन में ही कर दी गई और शाम को अंधेरा होने पर उसका शव पड़ोसी सुशील सक्सेना के छत पर फेंक दिया। कोचिंग की छत और जीने पर भी बच्चे को घसीटने के निशान थे। फील्ड यूनिट की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
मुनीर मोबीन का इकलौता बेटा था। उसकी बेरहमी से हत्या के बाद वह बदहवास हो गए। वहीं मुनीर की दस वर्षीय छोटी बहन अलीशा और मां मशफूरा भी मुनीर की हत्या के बाद बेहाल हैं।
प्रेमनगर थाने में हिरासत में लिया गया चौकीदार पंकज सक्सेना चुपचाप बैठा रहा। कुरेदने पर भी उसने अपनी जुबान नहीं खोली। इससे साफ हो गया कि वह कोई बड़ा राज छिपा रहा है। उसका साथी ओम भी कुछ भी बता नहीं पा रहा।