पचड़े में पचौरी, यौन उत्पीड़न मामले में चार्जशीट दाखिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे एनर्जी एंड रिसोर्स इंस्टीट्यूट के कार्यकारी उपाध्यक्ष आरके पचौरी की मुसीबतें और बढ़ गई है। पुलिस ने पचौरी के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दायर की है।
पीटीआई की खबर के मुताबिक पुलिस ने एक हजार चार सौ पन्नों की चार्जशीट तैयार की है। जिसमें पचौरी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, पीछा करने और डराने धमकाने के आरोप दर्ज हैं। मामले की सुनवाई आगामी 23 अप्रैल को होगी।
बीते साल फरवरी में टेरी में काम करने वाली एक 29 वर्षीय रिसर्च असिस्टेंट ने पचौरी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
पचौरी पर आरोप लगने के बाद उनकी जगह टेरी के बोर्ड ने डॉक्टर अजय माथुर को संस्था का डायरेक्टर जनरल नियुक्त कर दिया था। लेकिन पचौरी हाल ही में पचौरी को संस्था का कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया था। जिसके बाद से वे छुट्टी पर हैं।
इससे पहले हाल ही में अंग्रेजी अखबार इकोनॉमिक टाइम्स की खबर के मुताबिक उन फरियादी महिलाओं के बयान हाथ लगे, जो बीते साल फरवरी में जज के सामने दर्ज किए गए थे। पचौरी के खिलाफ दर्ज हुए बयानों के दौरान केवल जज और फरियादी महिलाएं ही मौजूद रहीं।
हाल ही में एक और महिला पचौरी के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत कर चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक साल 2014 में मेक्सिको के लोस काबोस में शिखर सम्मेलन शामिल होने से पहले फ्लाइट लेने के दौरान पचौरी ने पहली फरियादी महिला को धमकी दी थी कि अगर उसने ब्वॉयफ्रेंड बनाया तो उसके ब्वॉयफ्रेंड को नपुंसक बना दिया जाएगा। पचौरी ने पीड़िता को एक शक्स के साथ बातचीत करते हुए देख लिया था।
साल 2013 में एक ऑफिशियल ट्रिप के दौरान पचौरी ने महिला पर किस करने का दबाव बनाया था। रिपोर्ट के मुताबिक पचौरी ने महिला के विरोध करने पर उसे अपना लिखा हुए अश्लील साहित्य 'रिटर्न टू अलमोड़ा' दिया और उसे पढ़ने के लिए भी दबाव डाला था।
हाल ही में ईटी के रिपोर्ट के मुताबिक दूसरी फरियादी महिला ने भी पचौरी की घिनौनी करतूतों से ये कहते हुए राज उजागर किया कि उसे भी अश्लील साहित्य की मैनुस्क्रिप्ट जबरन थमाई गई और उसे पढ़ने का दबाव भी बनाया गया। दूसरी फरियादी महिला पचौरी के साथ साल 2003-04 में काम कर चुकी है। उसे पचौरी के केस में बतौर गवाह पेश किया जाएगा।
3 सितंबर, 2013 में पहली फरियादी महिला के पास पचौरी की तरफ से एक एसएमएस आया जिसमें लिखा था कि ''अब से मैं तुम्हें अपनी जिंदगी बुलाऊंगा।'' पचौरी के खिलाफ दर्ज की गई 500 पेज की चार्जशीट में दाखिल साक्ष्यों और दस्तावेजों में से ये संदेश एक है।
एक न्यूज चैनल के मुताबिक चार्जशीट में 25 और गवाहों को शामिल किया जाएगा। एक और वेबसाइट स्करॉल.इन के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने पचौरी को महिलाओं के साथ यौन अपराधों को अंजाम देने का गुनहगार माना है।
'पचौरी के खिलाफ पर्याप्त सुबूत'
चार्जशीट के मुताबिक पचौरी ने टेरी के डायरेक्टर जनरल के पद रहते हुए शक्तियों का दुरुपयोग किया है, इसलिए पचौरी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पर्याप्त सुबूत हैं। हाल ही में प्रकाशित हुई ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक पचौरी ने फरवरी 2014 से मार्च 2015 के दरमियान पीड़िता को 34 बार अपने मोबाइल फोन से कॉल्स की थीं।
वहीं फरियादी महिला ने पचौरी को 26 दफा फोन किया। चार्जशीट में उन 6000 एसएमएस का आंकड़ा भी दर्ज है जो साल 2013 से साल 2015 के बीच पचौरी और फरियादी महिला के बीच किए गए।
वहीं टेरी से अनिश्चितकालीन छुट्टी पर चल रहे पचौरी ने अपने खिलाफ लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है। पचौरी के मुताबिक उनकी ई-मेल आईडी, फोन और व्हॉट्सऐप को हैक करने के बाद उन्हें फंसाया गया है। फिलहाल पुलिस सिलसिलेवार सामने आ रहे नए सुबूतों को फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में ले जाने में देर नहीं कर रही है। पचौरी की हकीकत से जल्द ही पर्दा उठने की उम्मीद की जा रही है।