यूपी: मंदिर में पूजा कर रहे प्रधान पद के दावेदार को गोलियों से भूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फरनगर में बुढ़ाना के कुरथल गांव में गुरुवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत फैल गई। पत्नी और भाभी के साथ ग्राम देवता भूमिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे प्रधान पद के दावेदार को पीछे से आए बदमाशों ने गोलियों से भून डाला।
घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। गोलियां बरसने पर पत्नी और भाभी ने भूमिया के पीछे छिपकर जान बचाई। वारदात से गांव में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर सीओ एसपी शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
तहसील क्षेत्र के गांव कुरथल निवासी बिल्लू उर्फ विजेंद्र (40) ग्राम पंचायत के चुनाव में प्रधान पद का प्रबल दावेदार था। बृहस्पतिवार को बिल्लू पत्नी मंजू और भाभी सावित्री के साथ सुबह करीब पांच बजे ग्राम देवता भूमिया की पूजा करने मंदिर गया था। वह पूजा-अर्चना में लीन था। इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने बिल्लू पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
बिल्लू की मौके पर मौत, मचा कुहराम
कमर में गोलियां लगने से बिल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए हमले से बिल्लू की पत्नी मंजू और भाभी सावित्री सन्न रह गईं। दोनों ने भूमिया के पीछे छिपकर जान बचाई। बिल्लू के जमीन पर गिरते ही हमलावर फायर करते हुए फरार हो गए।
भूमिया के मंदिर में गोलियों की गूंज से गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। दिन निकलते ही कुरथल गांव में हुई हत्या से पुलिस को पसीने छूट गए।
सीओ एसपी शर्मा, सीओ फुगाना इंस्पेक्टर सिंह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी केबी सिंह, एसपी देहात आलोक प्रियदर्शी और जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और घटना का बारीकी से निरीक्षण किया। हत्या से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना से ग्रामीणों में आक्रोश
परिजनों और ग्रामीणों ने एसएसपी के समक्ष आक्रोश जाहिर किया और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ग्रामीणों के साथ पहुंचे मृतक के भाई ब्रजपाल ने गांव के ही टापटेन बदमाश रहे ब्रह्मसिंह कुरथल, उसके भाई ब्रह्मजीत, ब्रह्मसिंह के बेटे अमित एवं सिकंदर उर्फ सुंदर, ब्रह्म सिंह की पत्नी सुमन और पुत्रवधू अंजू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर कमल सिंह यादव ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का मामला है।
ग्राम पंचायत की 60 बीघा जमीन को बिल्लू द्वारा न्यायालय के आदेश पर ब्रह्मसिंह के कब्जे से छुड़वाया गया था, तभी से दोनों पक्षों में तनातनी चली आ रही थी। बिल्लू भी प्रधान पद का प्रबल दावेदार था। यह भी रंजिश का एक कारण है।
उन्होंने बताया कि नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। अभी तक कोई भी नामजद आरोपी पकड़ मे नहीं आया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नामजद किए गए ब्रह्मसिंह कुरथल का जरायम में बड़ा नाम है। उसकी बुढ़ाना थाने में हिस्ट्रीशीट खुली हुई है और उसके खिलाफ हत्या, अपहरण जैसे जघन्य अपराधों के मुकदमे दर्ज हैं।