यूपी: बीएसएफ जवान को पिता ने मारी गोली, हुई मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर में रविवार को जमीन को लेकर हुए विवाद में पिता ने बीएसएफ जवान को गोली मार दी। सिर और सीने में गोली लगने से घायल जवान की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
पुलिस ने जवान की पत्नी के तहरीर पर पिता और मां पर हत्या कर केस दर्ज किया है। आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस का बर्खास्त सिपाही है। देर शाम पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बंदूक बरामद कर ली।
गोला प्रतिनिधि के अनुसार पतरा गांव निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस के बर्खास्त सिपाही सुरेश मिश्रा का बेटा अनुपम (27) बीएसएफ में सिपाही था। उसकी पोस्टिंग त्रिपुरा में थी।
छह माह से दोनों के बीच चल रहा था विवाद
तीन भाइयों में दूसरे नंबर के अनुपम की शादी दो साल पहले सुअरज गांव की प्रेमा से हुई थी। पत्नी के नाम से अनुपम ने शहर में जमीन ली थी जिसे लेकर पिता से विवाद चल रहा था।
सुरेश जमीन तीनों भाइयों के नाम करने का दबाव बना रहे थे। छह माह पहले भी इसे लेकर दोनों के बीच मारपीट होने पर प्रेमा मायके चली गई थी। उस समय रिश्तेदारों ने समझौता कराया था।
इधर, एक सप्ताह से इस मामले को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। बिहार चुनाव में ड्यूटी पर आया अनुपम शनिवार की शाम घर पहुंचा। दूसरे दिन रविवार की दोपहर 12 बजे पिता-पुत्र में बहस के बाद मारपीट हो गई।
मामला बढ़ने पर अनुपम ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। उधर, दो नाली बंदूक लेकर छत पर चढ़े सुरेश ने दरवाजे पर खड़े अनुपम को गोली मार दी। सिर और सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना देने के साथ ही घायल जवान को सीएचसी गोला पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। प्रेमा की तहरीर पर पुलिस ने अनुपम के पिता सुरेश और मां मीरा पर हत्या का केस दर्ज किया है।