प्रेमिका पर हुआ बेवफाई का शक, प्रेमी ने काट डाला
बेवफाई के शक में सहारनपुर जिले के खेड़ा गांव में प्रेमी ने प्रेमिका को बुलाकर उसकी खेत में गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया।
फोन पर दोस्त को यह घटना बताने के कारण उसे पहले अस्पताल ले जाया गया। वहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रेमिका के शव को भी कब्जे में ले लिया। प्रेमी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
खेड़ा गांव में हैदर नाम के युवक का वहां की युवती गुलजुबानी से करीब सात माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जाता है कि कुछ समय से उसे प्रेमिका पर बेवफाई करने का शक था। इसी के चलते सोमवार शाम करीब सात बजे उसने युवती को बुलाया।
वह उसे बिजली उपकेंद्र के पास एक खेत में ले गया। वहां युवती को बहलाने के बाद उसने मौका पाते ही उसका गला रेत दिया।
तड़पती हुई प्रेमिका को छोड़कर भागा
प्रेमिका की हत्या के बाद खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया और उसे तड़पती हालत में छोड़कर घर पहुंच गया। घर पहुंचने के बाद उसने दोस्त उस्मान को फोन किया। उस्मान ने उसके मामा के लड़के जाकिर को इस बारे में बताया।
बाद में इन दोनों की मदद से उसे क्षेत्र के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी बीच, कुछ ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी छानबीन में जुट गई। हैदर ने जहर खाने के साथ ही युवती के गला रेतने के बारे में भी इन युवकों को बता दिया था।
पुलिस ने हैदर की निशानदेही पर ही प्रेमिका को खेत में देखा तो वह दम तोड़ चुकी थी। शव के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद कर लिया गया। इस वारदात का पता चलने के बाद पूरा गांव हैरत में है।