भाजपा नेता की बेटियों ने खाया जहर, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगढ़ में हरदुआगंज के गांव ग्वालरा में बीती रात सलवार सूट पहनने के विवाद को लेकर भाजपा नेत्री राधारानी की दो बेटियों गुंजन (23) और कंचन उर्फ सोनू (18) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
गुंजन विवाहित थी जबकि कंचन अविवाहित थी। घटना से पूर्व दोनों बहनें अपनी मां के साथ सासनी गेट से एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौटी थीं। पुलिस ने दोनों बहनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव ग्वालरा निवासी महेंद्र सिंह सिविल लाइन थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात है, जबकि उनकी पत्नी राधारानी भाजपा के साधु आश्रम मंडल की उपाध्यक्ष हैं। महेंद्र सिंह की तीन बेटी (अर्चना, गुंजन, कंचन उर्फ सोनू) और एक बेटा है। अर्चना और गुंजन विवाहित हैं।
अर्चना की शादी करीब 6-7 साल पहले नोएडा में हुई थी, जबकि दूसरी बेटी गुंजन की शादी करीब पांच साल पूर्व मनोज कुमार निवासी रायपुर दलपतपुर अतरौली के साथ हुई थी। मनोज दिल्ली में सिलाई की कंपनी में काम करता है। शादी को काफी समय बीत गया लेकिन दंपति पर कोई बच्चा नहीं हुआ। इसी वजह से करीब एक साल से दांपत्य जीवन में दरार पड़ना शुरू हो गई।
ऐसे शुरू हुआ विवाद, घर में हंगामा
गत नवंबर माह में राधारानी अपनी बेटी गुंजन को ससुराल से अपने साथ मायके ले आईं और बाद में उसे अपनी बड़ी बेटी अर्चना के घर भेज दिया।
इस दौरान गुंजन को लेकर मायके और सुसराल पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाना शुरू कर दिए, यहां तक की मायके पक्ष के लोगों ने गुंजन के ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का भी मन बना लिया। पिछले कुछ दिनों से गुंजन मायके में रह रही थी।
राधारानी ने बताया कि गुरुवार को गांव के तेजपाल सिंह की बेटी की शादी सासनीगेट के एडीए कॉलोनी स्थित सिद्धार्थ लॉज में थी। गुंजन और उसकी छोटी बहन कंचन उर्फ सोनू का एक ही सलवार सूट को पहनने को लेकर विवाद शुरू हो गया। घर में जमकर हंगामा भी हुआ, बाद में तय हुआ कि सलवार सूट विवाहित बेटी गुंजन ही पहनकर जाएगी।
चाय बनाने गई तो किचेन में हुआ खुलासा
राधारानी अपनी दोनों बेटियों के साथ देर रात शादी समारोह से लौट आईं। उस वक्त घर में तीनों के अलावा पिता महेंद्र सिंह और भाई भी मौजूद था। इस दौरान किसी तरह से गुंजन और कंचन उर्फ सोनू ने सल्फास का सेवन कर लिया। इसके बाद गुंजन अपने पिता महेंद्र सिंह के लिए चाय बनाने के लिए रसोईघर में गई।
रसोई में गुंजन को उल्टियां शुरू हो गईं। वहीं दूसरी ओर कंचन को शौच की शिकायत होने लगी। उल्टी में सल्फास की बदबू आते ही परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजनों ने दोनों बेटियों को इलाज के लिए देर रात मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया, जहां उनकी मौत हो गई।
एसओ हरदुआगंज पहलवान सिंह ने कहा, "यह मामला स्वयं ही मैंने संज्ञान में लिया है। इतना तो तय है कि दोनों बहनों ने आत्महत्या की है। परिवार सलवार सूट के विवाद में जान देने की बात कह रहा है। लेकिन मैं सभी पहलुओं से मामले की जांच करूंगा। जिसके बाद ही कोई स्पष्ट कारण इस आत्महत्या का निर्धारित किया जा सकता है।"