यूपी: बीडीसी सदस्य को नमस्ते कर जबड़े में मार दी गोली
सुबह का वक्त था। नेता जी घर में बैठे अखबार पढ़ रहे थे। इससे पहले कि खुद को तमाम खबरों से अपडेट कर पाते, कुछ लोग उनके पास आए। नेता जी से नमस्ते कहा और गोली चला दी। गोली नेता जी के जबड़े में लगी। गोली लगते ही नेता जी जमीन पर धराशाई हो गए।
बेदह चौकाने वाला मामला यूपी के आजमगढ़ का है। पुरा गांव के बीडीसी सदस्य को दिनदहाड़े गोली मारने की वारदात से हड़कंप मचा है।
आरोप है कि बीडीसी सदस्य 37 सत्य नरायन यादव को मंगलवार सुबह चुनावी रंजिश में बदमाशों ने गोली मारी।
भाई शिवशंकर यादव की तहरीर पर स्थानीय सपा नेता चंद्रशेखर यादव और जिला पंचायत सदस्य शिवसागर यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जान से मारने की मिल रही थी धमकी-पत्नी
गांव वालों के मुताबिक सत्य नरायन ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हारी प्रत्याशी दुलारी देवी के एजेंट थे।
घरवालों के अनुसार मंगलवार सुबह सत्यनरायन दरवाजे पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। तभी बाइक से पहुंचे दो बदमाशों ने सत्यनरायन को नमस्ते किया और जैसे ही सत्य नरायन ने जवाब दिया, बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली सत्य नरायन के जबड़े में लगी और वह लहूलुहान हो गए।
जब तक लोग जुटते, बदमाश फरार हो गए। घायल बीडीसी सदस्य को जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से नाइन एमएम पिस्टल का खोखा, खून से सना अखबार कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
घायल नेता की पत्नी राधिका ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव के समय से ही उनके पति को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।