वांटेड बोला, 'फेसबुक पर मेरी अच्छी फोटो डालो'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑस्ट्रेलिया में एक 'वांटेड' अपराधी और पुलिस के बीच फेसबुक पर अजीब मगर दिलचस्प झड़प देखने को मिली। जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल, विक्टोरिया पुलिस ने डेनियल डेमोन नामक व्यक्ति को पकड़ने के लिए उनकी तस्वीर सोमवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उनके बारे में जानकारी देने की अपील की थी।
डेमोन यातायात और नशीली दवाओं से जुड़े मामले में अभियुक्त हैं और फिलहाल फरार हैं। डेमोन ने पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट पर टिप्पणी की कि जैसे ही चीजें 'व्यवस्थित' हो जाती हैं वो आत्मसमर्पण कर देंगे।
25 साल के डेमोन ने ये भी लिखा, 'क्या आप मेरी इससे अच्छी फोटो नहीं लगा सकते? ये तो बड़ी भयानक तस्वीर है।' तो जवाब में पुलिस ने लिखा, 'हेलो डेनियल, आप प्लीज अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में आइए, हम आपके लिए एक तस्वीर की व्यवस्था करेंगे।'
फिर डेनियल ने जवाब में कहा, 'हां, जैसे ही कुछ चीजें सही हो जाती हैं, मैं आता हूं। मुझे अपने लिए बस एक वकील ढूंढना है और सब कुछ व्यवस्थित करना है।
गोरा रंग, भूरे बाल और शरीर पर टैटू
पुलिस ने डेनियल का विवरण कुछ इस तरह दिया, 180 सेमी ( 5 फुट 11 इंच) लंबा, मध्यम बदन, भूरी आंखें और भूरे बाल तथा गोरा रंग। डेनियल के शरीर पर मौजूद अनगिनत टैटू की भी जानकारी दी गई।
ऑस्ट्रेलिया में वरिष्ठ कॉन्सटेबल मेलिसा सिएच ने बीबीसी को बताया कि पुलिस ने डेनियल डेमोन के लिए वारंट जारी किया है, डैनिएल ने अब तक पुलिस के आगे समर्पण नहीं किया है।
मेलिसा ने बताया कि पुलिस कई बार अपनी खोजबीन में मदद के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेती है और कुछ मामलों में इसके अच्छे नतीजे आए हैं।
वे कहती हैं, 'यह उन्हें जानने वाले लोगों को उत्साहित कर सकता है और वे अपराध रोकने के लिए हमें कॉल कर उनके बारे में जानकारी दे सकते हैं।' पुलिस के साथ फेसबुक पर झड़प के बाद डेनियल डेमोन अभी भी फरार हैं।