महिला को रास्ते से अगवाकर हुई हत्या, बवाल
मुजफ्फरनगर के चरथावल ज्ञाना माजरा के राजपूतान गांव में महिला को अगवा कर उसकी हत्या कर दी गई। रविवार को जंगल में महिला का अर्द्घनग्न हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई।
इस सनसनीखेज वारदात के विरोध में ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर चरथावल-थानाभवन मार्ग पर सुबह सात बजे जाम लगाकर अपनी नाराजगी का इजहार किया।
एसडीएम सदर और सीओ सदर ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक आश्रितों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों के गुस्से को शांत किया। मृतका के पुजारी पति ने रंजिशन हत्या का आरोप लगाते हुए चचेरे भाई समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस रेप की आशंका से भी इंकार नहीं कर रही है।
अर्द्धनग्न हालत में मिला महिला का शव
ज्ञाना माजरा निवासी कादरगढ़ मंदिर के पुजारी राजकुमार की पत्नी शिमला (42 ) शनिवार शाम गोबर डालने सड़क पर गई थी। काफी देर तक महिला के नहीं लौटने पर उसकी सास रिशाली सड़क पर कूड़ी देखने गई। कूड़ी पर महिला का तसला और चुनरी देखकर वह अवाक रह गई।
उसने पूरा मामला घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों को बताया। परिजनों ने विवाहिता के लापता होने की सूचना देर रात पुलिस को दी। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रात एक बजे तक जंगल में सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली।
रविवार अलसुबह कुछ ग्रामीण जंगल गए, तो किसान सोमपाल के ईख के खेत में महिला का अर्द्धनग्न हालत में शव देखकर सन्न रह गए। महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी। ग्रामीणों ने शव मिलने की खबर गांव में दी। सूचना पर सैकड़ों लोग मौके पर एकत्र हो गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर किया हंगामा
इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने आरोपियों को गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने को लेकर गांव के थानाभवन-चरथावल मार्ग पर सुबह सात बजे जाम लगा दिया। घंटेभर लगे जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए।
शामली जिला पंचायत सदस्य के पति शेर सिंह राणा, पूर्व प्रधान विजेंद्र सिंह, धीरज राणा, सपा जिला महासचिव अशोक पुंडीर ने ग्रामीणों को समझाकर बमुश्किल शांत किया। एसडीएम सदर उज्ज्वल कुमार, सीओ सदर और एसओ मुनेंद्रपाल सिंह ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा देकर करीब आठ बजे जाम खुलवाया।
डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर मिले पैरों के निशानों की जांच की। महिला के घर से घटनास्थल तक पड़ताल की गई। पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद आरोपी देवर को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। एसओ ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि होगी।