'जिहादी जॉन' को अमेरिकी फौज ने बनाया निशाना
अमेरिकी फौज ने 'जिहादी जॉन' नाम से पहचाने जाने वाले ब्रितानी चरमपंथी पर हवाई हमला किया है।
ये जानकारी अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन ने दी।
चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट के वीडियो में पश्चिमी बंधकों का सिर कलम करते हुए देखे जाने के बाद से 'जिहादी जॉन' के खिलाफ दुनिया भर में गहन अभियान छेड़ा गया।
'जिहादी जॉन' यानी मोहम्मद एमवाजी, कुवैती मूल के ब्रितानी चरमपंथी, को सीरिया में रक्का के पास निशाना बनाया गया।
पेंटागन का कहना है कि वह पता लगा रही है कि इस हमले में एमवाजी की मौत हुई है या नहीं।
कई लोगों का सिर काट चुका है 'जिहादी जॉन'
पेंटागन के प्रेस सेक्रेटरी पीटर कुक का कहना है, "हम रात को चले अभियान के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं और जैसे ही कोई और खबर मिलती है इसकी जानकारी दी जाएगी।"
ये हमला गुरुवार को किया गया। एमवाजी सबसे पहले पिछले साल अगस्त में जारी हुए एक वीडियो में अमेरिकी पत्रकार जेम्स फोली की हत्या करते देखे गए थे।
उन्हें बाद में जारी वीडियो में अमेरिकी पत्रकार स्टीवन सोटलॉफ, डेविड हेन्स, ब्रिटेन के ही टैक्सी ड्राइवर एलन हैनिंग और अमेरिकी सहायताकर्मी अब्दुल रहमान कासिग का सिर क़लम करते देखा गया था।
कथित तौर पर यह भी सामने आया है कि वे 2006 में सोमालिया जाकर चरमपंथी समूह अल-शबाब के लिए सुविधाएं और धन जुटाने वाले नेटवर्क से जुड़े थे।
माना जाता है कि एमवाजी साल 2013 में सीरिया आए और फिर इस्लामिक स्टेट में शामिल हो गए।