सेक्स को लेकर हुए झगड़े में पति की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दोनों की शादी को महज नौ दिन ही हुए थे। पति अपनी नवविवाहिता पत्नी के साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहता था, लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी।
इस छोटी सी बात को लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया...और अंततः उस नवविवाहिता ने खुद ही अपना सिंदूर उजाड़ लिया।
किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी की शादी के 9 दिन बाद ही पति-पत्नी के बीच का ये मामूली झगड़ा हत्या में बदल जाएगा।
घटना छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से महज 40 किलोमीटर दूर स्थित राजिम की है।
बहस के दौरान पति को दिया था धक्का
वहां चौबेबांध गांव के निवासी श्यामाचरण सोनकर (22वर्ष) का विवाह 21 अप्रैल को धमतरी सारंगपुरी निवासी आरती सोनकर (19वर्ष) के साथ हुआ था।
बुधवार की रात श्यामचरण और आरती के बीच शारीरिक संबंध बनाने को लेकर विवाद हुआ। पत्नी आरती का कहना था कि उसका मासिक धर्म चल रहा है, इसलिए वह उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बना सकती।
इसी बीच दोनों में बहस होने लगी। बहस के दौरान पत्नी ने श्यामाचरण को धक्का देने के साथ लात मार दी। धक्के से पति का सिर चोटिल हो गया और वह चिल्लाने लगा।
पति के शव के साथ बैठी रही रात भर
उसका सिर पलंग की पाटी से टकरा गया था और उससे खून भी निकलने लगा था। पति चिल्लाए न और घरवाले जाग न जाएं, यह सोचकर आरती ने उसके चेहरे को तकिए से दबा दिया।
इससे पति का दम घुट गया और उसकी मौत हो गई। पति की मौत से बुरी तरह घबराई आरती ने पूरी रात इस बात की जानकारी घर के किसी सदस्य को नहीं दी।
आरती रातभर अपने पति के शव के साथ पलंग के पास बैठी रही। सुबह श्यामाचरण के पिता दुखूराम ने बहू से बेटे को उठाने को कहा। इस पर भी आरती चुप रही।
आरती ने स्वीकार किया अपना गुनाह
जब श्यामाचरण अपने कमरे से नहीं निकला तो आरती का जेठानी प्रभाबाई कमरे में गई।
वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। पलंग पर श्यामाचरण की लाश पड़ी थी। उसने घरवालों को इस घटना की जानकारी दी।
घरवालों ने पुलिस को बताया। पुलिस की पूछताछ में आरती ने पूरी घटना सिलसिलेवार बताकर अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरती को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।