यूपी: 'केस वापस लो, नहीं तो जिन्दा जला देंगे'
शाहजहांपुर में छेड़खानी की शिकायत करने वाली रोजा क्षेत्र की एक छात्रा को शोहदों ने जिन्दा जलाने की धमकी दी है। बेखौफ शोहदे उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव डाल रहे हैं। इनके आतंक से सहमी छात्रा ने कॉलेज जाना तक छोड़ दिया है। अब पीड़िता ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एसपी से गुहार लगाई है।
छात्रा ने बुधवार को एसपी को दिए पत्र में बताया कि वह शहर के एक कॉलेज से नर्सिंग का कोर्स कर रही है। इसके साथ ही वह शहर के एक निजी अस्पताल में नौकरी भी करती है। छात्रा के मुताबिक 16 जुलाई को रात आठ बजे वह घर से अस्पताल जाने के लिए निकली थी।
रास्ते में हथौड़ा चौराहा के पास तीन लड़के नसीर, जीनुस और यूनुस ने उसका हाथ पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगे। छात्रा किसी तरह से शोहदों से पीछा छुड़ाकर घर पहुंची। उसने घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। इसकी शिकायत करने पर शोहदों ने छात्रा के पिता की भी पिटाई कर दी।
हल्का इंचार्ज पर रिश्वत लेकर रिपोर्ट लिखने का आरोप
छात्रा का आरोप है कि छेड़खानी की शिकायत करने वह थाने पहुंची तो हल्का इंचार्ज जेपी सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करने के एवज में दस हजार रुपये रिश्तव में मांगे। छात्रा के पिता ने किसी तरह से पांच हजार रुपये दिए तो उसकी रिपोर्ट लिखी गई। छात्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों गिरफ्तार नहीं किया है।
घूस मांगने का झूठा आरोप
हल्का इंचार्ज जेपी सिंह के मुताबिक, "19 जुलाई को रिपोर्ट थाने में लिखी गई है। अगले दिन मैं छात्रा के घर गया और उसके बयान लिए। इससे पहले छात्रा मुझसे नहीं मिली थी। 20 जुलाई को छात्रा के कोर्ट में बयान हुए। इसके बाद से आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रहे हैं। आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं और कोर्ट में सरेंडर करने की फिराक में हैं। घूस मांगने का आरोप गलत है।"
एएसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि रोजा क्षेत्र में रहने वाली एक पैरा मेडिकल की छात्रा के साथ छेड़खानी और धमकी देने का मामला संज्ञान में आया है। दरोगा के घूस मांगने के आरोप की जांच कराई जा रही है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।