सावधानः बहुत महंगा पड़ सकता है ये ऐप डाउनलोड करना
इंटरनेट यूजर को धमकी देकर वसूली करने की ऐप की संख्या बढ़ रही है। अमेरिकी सुरक्षा कंपनी जेडस्केलर ने एक ऐसे एंड्रॉयड एप्लीकेशन से सावधान किया है जो लोगों से 'वसूली' कर रहा है।
'एडल्ट प्लेयर' नाम का ऐप पोर्न सामग्री उपलब्ध कराता है और प्ले करने पर मोबाइल के फ्रंट कैमरा से यूजर की तस्वीरें खींच लेता है।
इसके बाद फोन लॉक हो जाता है और स्क्रीन पर ग्राहक से 500 डॉलर की रकम की मांग की जाती है। वसूली मांगने वाले इस पन्ने से आगे बढ़ना मुश्किल हो जाता है।
एक सुरक्षा विशेषज्ञ ने बीबीसी को बताया है कि रैन्समवेयर यानी यूजर से वसूली करने वाले सॉफ्टवेयर के चलते तेजी से साइबर अपराध बढ़ रहा है।
महिलाओं की ऐसी तस्वीरें दिखाकर लुभाता है ऐप
ये ऐप्लीकेशन महिलाओं की तस्वीरें दिखाकर यूजर को डाउनलोड करने के लिए आकर्षित करती है।
यूजर की निजी जानकारियां सार्वजनिक करने या डिवाइस से डाटा डिलीट करने की धमकी देकर पैसे वसूलने वाले एप्लीकेशन को रैन्समवेयर कहा जाता है।
इंटेल सिक्यूरिटी के मुताबिक पिछले साल अगस्त से अब तक फिरौती वसूलने के मामलों में 127 फीसदी की बढो़त्तरी हुई है।
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे एप्लीकेशन जाने-माने स्टोर जैसे गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध नहीं हैं जबकि ये सीधे वेबपेज से ही इन्सटॉल होते हैं।
यदि आपके फोन में ऐसे किसी एप्लीकेशन के होने का खतरा हो तो अपने डिवाइस को रिबूट कर सेफ मोड में इस्तेमाल करना चाहिए।