अभिनेत्री ने डायरेक्टर पर लगाए गंभीर आरोप
मुंबई के शांताक्रूज पुलिस स्टेशन में फिल्म डायरेक्टर कांती शाह के खिलाफ एक अभिनेत्री ने एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत करने वाली अभिनेत्री, कांती शाह की एक फिल्म में मुख्य भूमिका में है।
अभिनेत्री ने शाह पर आरोप लगाया है कि वह किसी और की न्यूड बॉडी पर उसका चेहरा लगाकर वीडियो क्लिप सर्कुलेट कर रहे हैं। उसके एक दोस्त ने वीडियो के बारे में बताया है।
अभिनेत्री का कहना है कि असली वीडियो फिल्म 'हांटेड जंगल' के प्रमोशन के लिए शूट किया गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शाह के खिलाफ पांच दिन पहले शिकायत दर्ज कराई गई है। उधर, अभिनेत्री का आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद से उसके पास अश्लील फोन कॉल आ रही हैं।
क्या इसलिए लगा दिए आरोप?
मिडडे के अनुसार, अभिनेत्री का आरोप है वीडियो वायरल होने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान है और इससे उसकी छवि भी खराब हुई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस साइबर सेल को ट्रांसफर कर दिया है।
हालांकि इस मामले में आरोपी डायरेक्टर शाह ने कहा उन पर गलत इल्जाम लगाए गए हैं। शाह ने भी अभिनेत्री पर छवि खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ज्यादा पैसे की मांग पूरी न होने पर अभिनेत्री ने ऐसा आरोप लगाया है।
शाह ने कहा कि वह घर से बाहर हैं और जल्द ही मुंबई आकर पुलिस से संपर्क करेंगे। बता दें कि शाह, बॉलीवुड फिल्मों के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर हैं और खासकर सी-ग्रेड फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। शाह हॉरर और एडल्ट फिल्मों के लिए खासकर चर्चित हैं। उन्होने गुंडा और लोहा फिल्मों का भी निर्देशन किया है।