यूपी: बीच रास्ते पर युवती से रेप, डाला तेजाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महराजगंज में कोल्हुई क्षेत्र के बेलवा पचपेड़वा के पास चार युवकों ने एक युवती की पिटाई कर तेजाब से जलाने दिया। मामला सामने आने से हड़कंप मच गया।
आरोप है कि एक युवक ने उसके साथ रेप भी किया। घटना के चार दिन बाद पीड़ित की मां ने सोनौली थाने में तहरीर दी है। इस संबंध में एसओ ने जांच के बाद केस दर्ज करने की बात कही है।
कोल्हुई क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बृहस्पतिवार को सोनौली पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि करीब तीन माह पहले उसकी बेटी मामा के घर नेपाल गई थी। कुछ दिन बाद लौटते समय सोनौली स्टैंड के पास का जितेंद्र शर्मा भी पास की सीट पर बैठ गया। बातचीत के दौरान बेटी को बहला फुसलाकर दिल्ली ले गया।
जबरन बाइक पर बैठाया, रेप के बाद डाला तेजाब
दिल्ली से 16 फरवरी को बेटी उसके साथ लौटकर गोरखपुर पहुंची। गोरखपुर से वह अकेली ही गांव के लिए गाड़ी से चल दी। कोल्हुई के ललाइन पैसिया चौराहे पर उतर गई। तभी जितेंद्र दो बाइक से अपने चार साथियों के साथ आ धमका और जबरदस्ती बैठा लिया।
उसी थाना क्षेत्र के बेलवा पचपेड़वा के पास ले जाकर उसे मारा पीटा तथा मनमानी की। विरोध करने पर उसे तेजाब से जलाया। किसी तरह बेटी घर पहुंची तो उसका इलाज कराया गया।
पीड़ित की मां ने कहा है कि आरोपी का घर सोनौली क्षेत्र में पड़ता है इस कारण तहरीर सोनौली थाने में दी है। इस संबंध में सोनौली प्रभारी जितेंद्र यादव का कहना है कि तहरीर मिली है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
आजमगढ़: नाले में मिली युवती की अधजली लाश
आजमगढ़ में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव के दक्षिण सिवान में गुरुवार की दोपहर नाले में फेंकी गई युवती (22) की अधजली लाश मिलने से सनसनी फैल गई।
उसकी जीभ बाहर निकली थी जिससे आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर मौत के घाट उतारने के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका शव जला दिया गया। पुलिस शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
सलेमपुर गांव निवासी बालकिशुन मौर्य का खेत आबादी से करीब पांच सौ मीटर दूर दक्षिण तरफ है। खेत के बगल में नाला है। गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे बालकिशुन खेत में गए थे। इसी दौरान उन्होंने नाले में युवती की लाश देखी।
बिना कपड़ों के थी युवती की लाश
बालकिशुन ने यह जानकारी प्रधान पंकज सिंह को दी। थोड़ी देर में वहां भीड़ जुट गई। सूचना पर देवगांव के कोतवाल भी मौके पर पहुंचे। युवती के शरीर पर सिर्फ धारी रंग का थोड़ा सा कपड़ा बचा था। उसके सिर से कमर तक का हिस्सा ज्यादा जला था।
कोतवाल ओपी सिंह ने बताया कि शव देखने से लग रहा कि गला दबाकर मौत के घाट उतारने के बाद शव जला दिया गया है। संभवत: युवती की पहचान छिपाने के लिए ऐसा किया गया।
कोतवाल के मुताबिक तमाम लोगों से युवती की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
एटा: छेड़छाड़ के बाद लड़की के सीने में मारी गोली
एटा के जलेसर में भाभी के साथ शौच के लिए गई किशोरी से दो युवकों ने छेड़खानी कर दी। जब इसका विरोध किया तो उन्होंने किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। किशोरी के पिता ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी अपनी भाभी के साथ बुधवार की सायं लगभग छह बजे शौच के लिए गई थी। आरोप है कि तभी भुवनेश व राजू ने उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करते हुए इसकी शिकायत करने की कहने पर दोनों युवक उस समय तो वहां से भाग गए।
मगर किशोरी के घर पहुंचने से पहले ही उसके घर के बाहर उन्होंने पहले उसकी पिटाई की। उसके बाद तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली किशोरी के सीने में जा लगी।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। परिवारीजनों ने किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर वहां से जिला अस्पताल भेज दिया।
रास्ते में किशोरी की मौत हो गई। बताते हैं कि किशोरी नौवीं की छात्रा थी। घटना की जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस मामले में मृतका के पिता ने भुवनेश, मुनेश, राजू, आलोक, सतेंद्र व बंटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।