यूपी: जमीन के विवाद में महिला के ऊपर तेजाब फेंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के कुशीनगर में जमीन के विवाद में कुछ लोगों ने एक महिला को बेरहमी से पीटा। उसके हाथ और पैर पर धारदार हथियार से वार किए और बाद में उस पर तेजाब फेंक दिया।
गंभीर रूप से जख्मी महिला को लेकर लोग डीएम कार्यालय पहुंचे और शिकायत की। डीएम ने मामले की जांचकर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
घटना तरयासुजान थाना क्षेत्र के जवही मलही गांव की है। यहां पीड़िता रविवार को अपने घर में खाना बना रही थी, तभी सात-आठ लोग उसके घर आए और बेरहमी से पीटने के साथ दोनों हाथ और पैरों पर धारदार हथियार से वार किए।
उन लोगों ने बचाने आए बच्चों से भी मारपीट की। वह शिकायत करने गई थाने पहुंची, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई।
डीएम के आदेश के बाद पुलिस ने दर्ज की शिकायत
डीएम को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़िता ने कहा कि रात में करीब दस बजे जब वह सो रही थी तभी आरोपी फिर उसके घर में घुसे और मिट्टी के तेल के साथ तेजाब मिलाकर उस पर फेंक दिया। जिससे उसका शरीर झुलस गया।
शोर करने पर आस-पास के लोग पहुंचे और सुबह अस्पताल लेकर गए। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद गांववाले उसे लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। दर्द से कराह रही महिला को देखने के बाद डीएम ने इस प्रकरण का पता लगाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. बीएन पांडेय ने बताया कि महिला का शरीर केमिकल से जला है। अब यह किस प्रकार का केमिकल बर्न है, यह जांच में मालूम हो सकेगा।
तरयासुजान के एसओ सुजीत राय ने बताया कि पीड़िता के साथ कुछ लोगों ने गन्ने का पत्ता रखने के विवाद में मारपीट की थी। जान से मारने की नीयत से मिट्टी का तेल और तेजाब फेंकने का केस दर्ज किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर विधायक अजय कुमार लल्लू सहित कई लोग पीड़िता को देखने अस्पताल पहुंचे।