बेटे ने फेंका तेजाब, बाप ने धमकाया!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुरादाबाद में कांठ के मोहल्ला पट्टीवाला में छेड़छाड़ के विरोध पर एक युवक ने छात्रा के घर में घुसकर उसके ऊपर तेजाब उड़ेल दिया। गुरुवार को दोपहर घटना के वक्त छात्रा घर में अपने परिजनों के साथ बैठी थी। हाथ में तेजाब की बोतल लेकर घुसे मनचले ने छात्रा के ऊपर तेजाब फेंका और पूरे इत्मिनान से निकल गया। अचानक हुए एसिड अटैक से छात्रा बिलबिला उठी। घटना में छात्रा का चेहरा बुरी तरह से झुलस गया। उसके हाथों और गर्दन पर भी तेजाब के छींटे पड़े हैं। आनन फानन परिजन उसे कांठ में निजी चिकित्सक के यहां ले गए। पुलिस ने छात्रा की नानी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कांठ के मुहल्ला पट्टीवाला में रहने वाली उन्नीस वर्षीय युवती कस्बे में ही डिग्री कालेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। कस्बे का ही मनी पुत्र अनिल कुमार विश्नोई उसे पिछले कई दिनों से तंग कर रहा था। कालेज आते जाते भी उसने कई बार उसके साथ छेड़छाड़ की थी। दो दिन पहले छात्रा ने मनी को डांट दिया था और पुलिस में शिकायत करने की धमकी भी दी थी। इसी बात से मनी बौखला गया था।
गुरुवार को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मनी तेजाब की बोतल लेकर छात्रा के घर में घुसा और उसके तेजाब फेंक दिया। छात्रा के माता पिता आरोपी के घर और खेतों पर ही मजदूरी करते हैं, उसने काम से हटाने की धमकी देकर मामले को दबाने की कोशिश की लेकिन शाम को छात्रा की नानी ने मनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
'थाने जाओगे तो पूरे कुनबे को फाके से मार दूंगा'
मां बाप बेहद गरीब हैं। दो जून की रोटी का बंदोबस्त भी बमुश्किल हो पाता है। सर छुपाने को छत तक मयस्सर नहीं। नाना नानी ने आसरा दिया और मां बाप को उन्हीं खेतों में काम दिला दिया, जहां खुद सालों से मेहनत मजदूरी कर रहे थे। लेकिन उन्हीं खेतों के मालिक का बेटा उस पर बुरी नजर रखने लगा। पहले उसने बर्दाश्त किया, फिर मां को बताया। गरीबी और उधारी के चंद सिक्कों में मालिक के आगे झुकी कमर, शिकायत तो भला क्या करते लेकिन बाप को उसके बेटे की करतूत जरूर कह आए। लेकिन बाप बेटे से आगे था, गरीब की लड़की का जीना मुश्किल किए अपने बेटे को डांटना तो दूर उल्टा सहारा देता रहा।
गुरुवार को जब उसने छात्रा के ऊपर तेजाब फेंका तो भी उसने बेटे को डांटने के बजाए छात्रा के घर वालों को धमकाया। मेरा बेटा है गलती हो गई, लेकिन थाने गए तो पूरे कुनबे को फाके से मार दूंगा। खेतों में मजदूरी तो भूल ही जाओ उधार की रकम भी चमड़ी से वसूल करूंगा।
कांठ के मोहल्ला पट्टीवाला में छात्रा के साथ पिछले कई महीने से हो रही छेड़छाड़ से उसके मां बाप अंजान नहीं थे। वो मुफलिसी में भी बेटी को पढ़ा रहे थे और बेटी की बदनामी के डर से थाने जाने से कतराते रहे। उनका दूसरा बड़ा डर ये था कि जो मनी विश्नोई उनकी बेटी से छेड़छाड़ करता था उसी के बाप अनिल कुमार विश्नोई के खेतों और घर पर छात्रा के मां बाप और उसकी नानी मजदूरी करते थे।
नानी जुल्म को नहीं कर सकीं बर्दाश्त
गुरुवार को दोपहर जब मनी विश्नोई ने छात्रा के चेहरे पर तेजाब फेंका तो छात्रा का पिता शिकायत लेकर दौड़ा दौड़ा आरोपी के बाप के पास ही पहुंचा। लेकिन अनिल विश्नोई ने बेटे की करतूत को दबाने के लिए उल्टा छात्रा के परिजनों को ही धमकाया।
धौंस देकर सादा कागज पर लिखवा लिया कि छात्रा के साथ कोई घटना नहीं हुई है बल्कि टॉयलेट में रखी तेजाब की बोतल अचानक पलट जाने से उसका चेहरा झुलस गया। बात पुलिस तक पहुंची तो अनिल विश्नोई ने छात्रा के परिजनों को धमकाकर उनसे यही कागज आगे बढ़वा दिया। इससे पहले उसने छात्रा को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल नहीं जाने दिया ताकि वहां से बात पुलिस तक न पहुंच जाए। वह छात्रा को लेकर कस्बे में एक निजी डाक्टर के यहां पहुंचा। लेकिन छात्रा की नानी धेवती के साथ हुए इस जुल्म को बर्दाश्त न कर सकी और उसने देर शाम पुलिस को सारा सच बता दिया। एसओ कांठ के मुताबिक मनी विश्नोई वकील है और कांठ मुंसिफी में ही पिछले कुछ दिनों से प्रैक्टिस कर रहा है।
छात्रा पर हावी दबंग की दहशत
छात्रा पर तेजाब फेंकने वाले की दहशत छात्रा और उसके परिजनों पर इस कदर हावी है इस परिवार से कोई भी घटना की सूचना लेकर थाने तक नहीं गया। घटना का पता चलने पर कांठ थानाध्यक्ष ने उस निजी चिकित्सक के यहां छापा मारा जहां उसका गुपचुप इलाज चल रहा था। पुलिस ने विश्वास में लेकर छात्रा से घटना के बारे में पूछा। हालांकि चेहरा झुलसने से आहत और बुरी तरह डरी सहमी छात्रा घटना के बारे में बताते हुए फफक पड़ी। वो पूरी घटना बताने से पहले ही बेहोश हो गई। पुलिस उसे वहां से कांठ सीएचसी लेकर पहुंची और बेहतर इलाज के लिए यहां भर्ती करा दिया। इसके बाद छात्रा की नानी की तहरीर पर धारा 326ए आईपीसी और 452 के तहत केस दर्ज कर मनी के घर दबिश दी लेकिन वो फरार हो गया।