सिरफिरे आशिक ने किया खौफनाक कांड
एकतरफा प्यार का अंजाम हमेशा खौफनाक ही होता है। फिर एक सिरफिरे आशिक का करतूत सुर्खियों में है। मामला यूपी के इटावा क्षेत्र की है।
एकतरफा प्यार में पागल युवक ने दोस्ती कुबूल नहीं करने पर विवाहिता पर तेजाब उड़ेल दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीएम डा. नितिन बंसल और एसएसपी दिनेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर उसका हाल जाना।
डाक्टरों के मुताबिक युवती 40 प्रतिशत तक जल चुकी है। वारदात के बाद से आरोपी युवक फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कांशीराम कालोनी में निवासी शमसुद्दीन की पुत्री खुशबू अपने पति के उत्पीड़न से तंग आकर मां-बाप के साथ रह रही है। कालोनी का ही युवक इमरान पुत्र अनवार युवती से एकतरफा प्यार करने लगा।
कई बार किया था अपने प्यार का इजहार
कई बार उसने अपने प्यार का इजहार किया लेकिन हर बार युवती ने उसे डांटकर भगा दिया। युवती के इनकार के बाद वह उसे परेशान करने लगा। एक सप्ताह पूर्व युवक ने कालोनी के एक खाली पड़े मकान में मिलने के लिए युवती को बुलाया था।
उसने वहां जाने से इनकार कर दिया। युवती के न जाने से युवक ने उसे धमकी दी थी। शुक्रवार की दोपहर करीब सवा तीन बजे युवती अपने घर पर थी। तभी युवक बाइक से उसके दरवाजे पर पहुंचा और आवाज लगाकर युवती को बाहर बुलाया।
युवती जैसे ही बाहर आई तो युवक ने उसे धमकाया। उसने सवाल किया कि आखिर उस दिन बुलाने पर वह क्यों नहीं आई। इस बात को लेकर दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई और गुस्से में आकर युवक ने बोतल में रखा तेजाब युवती के ऊपर डाल दिया।
चेहरा, गर्दन बुरी तरह झुलस गया
युवती की चीख पुकार सुनकर परिजनों के साथ आसपड़ोस के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से झुलसी युवती को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी।
सीओ सिटी सिद्धार्थ वर्मा, कोतवाल श्रीधर सिंह, एसओ सिविल लाइन जसवीर सिंह अस्पताल पहुंचे और युवती व उसके परिजनों से जानकारी ली। सीओ ने बताया कि युवती पहले युवक से बातचीत करती थी, लेकिन अब उसने युवक से बातचीत करना बंद कर दिया।
इसी से नाराज होकर युवक ने उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। वहीं युवती का उपचार करने वाले डा. प्रभात ने बताया कि 30 से 40 प्रतिशत तक जली है। चेहरा, गर्दन बुरी तरह झुलस गया है।