किशोरी को बंधक बना परिजनों के सामने किया गैंगरेप
उतर प्रदेश में मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के एक गांव में हथियारबंद युवकों ने शनिवार रात सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। किशोरी को उसके परिजनों के सामने ही बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पीड़ित परिजनों ने शनिवार रात ही तहरीर दे दी, लेकिन पुलिस टरकाने में लगी रही। रविवार दोपहर मामला पुलिस अफसरों तक पहुंचा तो पुलिस ने केस दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आरोपी पक्ष के लोगों ने भी किठौर थाने में जमकर हंगामा किया।
किठौर थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी युवक शनिवार रात अपनी पत्नी और किशोरी बहन के साथ घर पर था। रात करीब 11 बजे हथियारबंद तीन युवक उसके घर में घुस आए और हथियारों के बल पर दंपति के साथ मारपीट की।
'शिकायत की तो जान से मार देंगे'
आरोप है कि तीनों युवकों ने दंपति के सामने ही किशोरी के हाथ पैर बांधकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवक तथा उसकी पत्नी ने शोर मचाते हुए आरोपी युवकों का विरोध किया तो उन्हें तमंचे से गोली मारने की धमकी दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी युवकों ने पुलिस से शिकायत करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी और फरार हो गए।
रात में ही पीड़ित पक्ष ने किठौर पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और सुबह देखने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। सुबह पीड़ित लोग किशोरी को लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने पहले तो अनसुना कर दिया।
बाद में मामला पुलिस अफसरों तक गूंजा तो थाना पुलिस ने तहरीर के आधार तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। कार्यवाहक एसओ ओमवीर गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रागिब पुत्र मंसूर, आकिल पुत्र शमीम तथा तरकीश पुत्र नफीस के खिलाफ नामजद केस दर्ज हुआ है। आकिल तथा रागिब को गिरफ्तार किया गया है।
12 घंटे बाद जागी पुलिस
परिजनों के सामने किशोरी से बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने पहले तो घर में घुसकर दंपति को पीटा और फिर उन्हीं के सामने वारदात की।
इतनी गंभीर वारदात पर भी पुलिस को कार्रवाई करने में 12 घंटे से ज्यादा लग गए। वह भी तब, जब अफसरों का दबाव पड़ा तो दो आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए।
आरोपी पक्ष ने घेरा थाना
गैंगरेप के आरोप में दो युवकों की गिरफ्तारी होते ही उनके समर्थकों ने किठौर थाने में जमकर हंगामा किया। आरोपी पक्ष का कहना है कि रंजिशन मामले के चलते उन्हें फंसाया जा रहा है। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लोगों को थाने से खदेड़ दिया।