बीड़ी नहीं देने पर सिरफिरे ने लेली दो लोगों की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मथुरा के थाना मगोर्रा के गांव नगला जंगली में बीड़ी व गांजे के लिए एक सिरफिरा युवक ‘जंगली’ बन गया। उसने धारदार हथियार और लाठी से पीट-पीट कर मंदिर के पुजारी व एक किसान की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने घटना के बाद भागते आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया।
घटना में मारे गए पुजारी भगवानदास (45) गांव पीपला भरतपुर (राजस्थान) के और किसान मनोहरलाल (42)गांव नगला जंगली के ही रहने वाले थे। पकड़ा गया आरोपी योगेश भी गांव नगला जंगली का रहने वाला है। घटना सोमवार की रात गांव के बाहर स्थित राधाकृष्ण और हनुमानजी के मंदिर पर हुई।
भगवानदास इसी मंदिर पर पुजारी थे। वे रोजाना की तरह मंदिर पर सोए थे। रात करीब 11 बजे योगेश भगवानदास के पास पहुंचा और उनसे पैसा व गांजा मांगा। मना करने पर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके बाद योगेश ने धारदार हथियार और लाठियों से पीटकर भगवानदास की हत्या कर दी।
नशे ने बनाया हत्यारा
बाद वह मंदिर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर सोए मनोहरलाल के पास गया और उनसे भी बीड़ी मांगी और चारपाई देने को कहा। मनोहरलाल ने मना किया तो उनकी भी हत्या कर दी।
शोरगुल होने और योगेश को मौके से भागता देख आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर पूछताछ की तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी। रात करीब ढाई बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
सूचना पर एसपी ट्रैफिक, सीओ सदर राजेश सोनकर, एसओ मगोर्रा मौके पर पहुंच गए और योगेश को थाने ले आए। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि योगेश पहले से नशेबाज है और नशे के लिए चोरी कर सामान आदि बेच देता है। मनोहर के भाई गिर्राज ने योगेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस योगेश से पूछताछ कर रही है।