टीचर ने चौथी कक्षा के छात्र को मुर्गा बनाकर पीटा, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश में बलिया के चिलकहर में कक्षा चार के बच्चे द्वारा सवाल का सही जवाब न दे पाने पर शिक्षा प्रेरक ने पहले उसे चिलचिलाती धूप में मुर्गा बनाया फिर जमकर पीटा।
इससे बच्चे की मौत हो गई। घटना चिलकहर विकास खंड के नरांव प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को घटी। इसकी सूचना मिलते ही बेसिक शिक्षाधिकारी समेत दूसरे अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उधर, बालक की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मच गया।
गड़वार थाना क्षेत्र के नरांव गांव निवासी रामजी (12) पुत्र शिवजी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। मंगलवार को दिन के करीब एक बजे विद्यालय में तैनात शिक्षा प्रेरक विजय राम ने बच्चों से सवाल पूछा। तीन छात्रों के सही उत्तर न देने पर उसने तीनों को धूप में मुर्गा बना दिया।
बेहोश होकर गिरा छात्र रामजी
इसके बाद उनकी पिटाई शुरू कर दी। इस बीच छात्र रामजी को गश आ गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे पीएचसी चिलकहर ले जाया गया, जहां डाक्टरों उसको मृत घोषित कर दिया। खबर फैलते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ पीएचसी पर जुट गई।
रामजी के परिवारवाले भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, वहां बेटे का शव देख उसकी मां विमली देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बीएसए राकेश कुमार सिंह और एसडीआई लालमणि कन्नौजिया भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और विद्यालय के छात्रों को पीएचसी पर बुलाकर सबके सामने घटना की जानकारी ली।
छात्रों ने बताया कि सवाल का जवाब न देने पर प्रेरक ने पहले बच्चों को धूप में मुर्गा बनाया फिर जमकर पीटा।
पहले भी छात्रों को बनाया गया था मुर्गा
अभिभावक राकेश कुमार राजभर, पिंटू राजभर, चंदन राजभर आदि की मानें तो प्रेरक ने करीब एक पखवाड़ा पहले भी बच्चों को मुर्गा बनाकर दंडित किया था। जिसकी शिकायत अभिभावकों ने शिक्षकों से की थी। बावजूद प्रेरक की कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया।