सलमान खान के 'हिट एंड रन' केस के वो 4 चश्मदीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म स्टार सलमान ख़ान के ख़िलाफ़ वर्ष 2002 से चले आ रहे 'हिट एंड रन' मामले में मुंबई की एक अदालत बुधवार को फैसला सुनाने वाली है। इन 13 वर्षों में इस मामले में कई नाटकीय मोड़ आए और इस दौरान कई गवाहों ने अपने बयान भी बदले। इस मामले में चार अहम लोगों की भूमिका पर आइए एक नज़र डालते हैं जिनका दावा रहा कि वे दुर्घटना के वक्त मौजूद थे।
रवींद्र पाटिल
अभियोजन पक्ष के गवाह रवीन्द्र पाटिल सिपाही थे। दुर्घटना के समय वे सलमान ख़ान के अंगरक्षक के तौर पर उनके साथ गाड़ी में मौजूद थे। पाटिल ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा था कि दुर्घटना के वक्त वो सलमान की बगल में बैठे हुए थे। पाटिल ही थे जिन्होंने दुर्घटना के बाद शिकायत दर्ज कराई और सलमान पर शराब के असर में होने का आरोप लगाया।
सलमान को चेतावनी दी थी
उनका कहना था कि उन्होंने सलमान को चेतावनी दी थी, लेकिन वो इसके बावजूद बेतहाशा गाड़ी चलाते रहे। पाटिल ने बाद में अपना बयान बदल दिया और अभियोजन पक्ष ने उन्हें बयान से मुकरने वाला गवाह करार दिया। पाटिल को इसके बाद पुलिस बल से भी निलंबित कर दिया गया। वर्ष 2007 में टीबी से उनकी मौत हो गई।
कमाल ख़ान
गायक कमाल ख़ान सलमान के अच्छे दोस्त हैं जो इस मामले में मुख्य गवाह रहे। कमाल ख़ान दुर्घटना वाली रात सलमान के साथ गाड़ी में मौजूद थे। कमाल ने चार अक्टूबर 2002 में पुलिस को बयान दिया था कि दुर्घटना के दौरान सलमान ही गाड़ी चला रहे थे। कमाल ने बताया था कि वो पीछे वाली सीट पर बैठे थे। कमाल फ़िलहाल कहां हैं, पुलिस को पता नहीं है।
सलमान ख़ान के ड्राइवर
अशोक सिंह सलमान ख़ान के ड्राइवर हैं जो अदालत के सामने पहली बार मार्च 2015 में पेश हुए। घटना के 13 साल बाद अशोक ने अदालत में बयान दिया कि हादसे के समय गाड़ी सलमान नहीं वो चला रहे थे। अशोक का कहना है कि पुलिस से ये बात उन्होंने दुर्घटना के बाद भी कही थी लेकिन पुलिस ने उनकी बात नहीं मानी।
अदालत को दिए बयान में अशोक ने कहा, ''मैं ड्राइविंग सीट पर था जब हादसा हुआ और अचानक टायर के फट जाने की वजह से यह दुर्घटना हुई।''
रामआसरे पांडे
दुर्घटना में घायल हुए रामआसरे पांडे उस दिन बेकरी के सामने सो रहे थे। वो एक चश्मदीद गवाह थे। लेकिन ऐन मौके पर वो अपने बयान से मुकर गए। रामआसरे ने पहले कहा था कि सलमान ही ड्राइविंग सीट की ओर से बाहर आए थे। लेकिन फिर बाद में कहा कि उन्होंने सलमान को गाड़ी चलाते नहीं देखा। फ़िलहाल राम आसरे खुद को इस केस से दूर रखना चाहते हैं और मीडिया से बात नहीं करते।