पढ़िए, फेसबुक पर इश्क और धोखे की 15 कहानियां
1- फेसबुक पर हुआ इश्क, बाद में बनाना पड़ा भाई
नागपुर की रहने वाली युवती को फेसबुक पर चैट के दौरान नोहार के एक युवक से प्यार हो गया। करीब एक साल तक चले इस सिलसिले के बाद युवती ने शादी की पहल की और 1500 किमी का सफर तय करके युवक से शादी करने उसके गांव पहुंच गई, लेकिन वहां पहुंचकर पहले तो युवती को लड़के से मिलने नहीं दिया गया। बाद में जब वे मिले तो लड़की से उसे भाई बना लिया।
दरअसल, नोहार की नंदा कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने सूचना देकर बताया कि एक लड़की उनके दरवाजे पर आत्महत्या करने जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की को समझाया और उसे थाने ले गई। पूछताछ में लड़की ने बताया कि वह नागपुर से जयपुर और अजमेर होते हुए वहां उस लड़के से शादी करने पहुंची है।
पूरी जानकारी लेने के बाद पुलिस ने लड़के के घर वालों को थाने बुलाया। जब लड़का थाने पहुंचा तो युवती हैरान रह गई। जिस लड़के से वह शादी करने की जिद पर अड़ी थी वह नाबालिग था और उसकी उम्र महज 17 साल थी जबकि लड़की की उम्र 28 साल थी।
उम्र में इतना अंतर होने के कारण लड़के के परिजन शादी के लिए राजी नहीं थे। पुलिसकर्मियों और बड़े लोगों ने लड़की से लड़के को भाई मानने के लिए कहा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। मामला शांत होने के बाद लड़की वापस लौट गई।
2- फेसबुक पर मिले बाप-बेटी, घर बुलाकर रेप
दूसरा मामला इंग्लैंड के साउथ यॉर्कशायर का है। 13 साल की मासूम लड़की ने अपने खोए हुए पिता को फेसबुक के जरिए ढूंढ़ निकाला। फेसबुक पर कुछ दिनों तक बातचीत के बाद पिता ने उसे अपने पास रहने के लिए बुला लिया। पिता की बात मानकर लड़की उसके पास गई लेकिन उसकी जिंदगी तबाह हो जाएगी ये उसने सोचा भी नहीं। पिता से मिलने की खुशी चंद दिनों में ही एक भयानक सपने में बदल गई।
पीड़ित लड़की का पिता हैवानियत पर उतर आया और उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने लगा। मामले को कोर्ट के सामने रखा गया तो सब हैरान रह गए।
पीड़ित लड़की ने बताया कि वह अपने पिता से कुछ दिन पहले ही मिली थी और वह उसे खोना नहीं चाहती थी इसलिए वह चुप रही, लेकिन उसका पिता दिन-ब-दिन हैवान बनता गया और उसे रोजाना शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने लगा। उसने बताया कि वह ऐसा करीब छह महीने तक चला।
उसका पिता हर रोज उसे मजबूर करता वह खामोश रह जाती थी। इससे पहले आरोपी पिता उसे शराब भी पिलाता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने करीब उक साल पहले एक सोशल वर्कर से इस बारे में बात की और उसने पुलिस में मामला दर्ज करा दिया। पीड़ित लड़की अब 18 साल की है। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने पिता को दोषी करार देते हुए छह साल जेल की सजा सुनाई।
3- फेसबुक के जरिए देह व्यापार
एक नई तहकीकात में इस बात का खुलासा हुआ है कि सोशल मीडिया के जरिए क्राइम और वेश्यावृत्ति को बढ़ावा मिल रहा है। फेसबुक जैसी सोशल साइट का इस्तेमाल कर महिलाओं और युवतियों को फंसाने के लिए किया जा रहा है। ऐसे रैकेट दुनिया भर में सक्रिय हैं।
यूरोपियन पुलिस एजेंसी यूरोपोल के प्रमुख रॉब वेनराइट ने बताया कि सोशल साइट एक बड़ा सिरदर्द बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि रैकेट चलाने वाले लोग बच्चों की देखभाल और घरेलू कामकाज के लिए विज्ञापन जारी करते हैं और वेबचैट के जरिए सारी गतिविधियों पर नजर रखते हैं।मानव तस्करी करने वाले माफिया नए-नए तरीके अपना रहे हैं। जिनमें से सोशल मीडिया भी एक है। इसके जरिए वे ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को फंसा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सेक्स रैकेट से जुड़ी महिलाओं और युवतियों से ये लोग रोजाना नहीं मिलते। ये लोग रोजाना वेबचैट या वेबकैम के जरिए लाइव चैट करके ग्राहकों से जगह और पैसे तय करते हैं। काम के बहाने महिलाओं और युवतियों को फंसाकर ये लोग उन्हें कैद कर लेते हैं और फिर वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करते हैं।
पुलिस प्रमुख ने बताया कि आपराधिक गैंग 'लो रिस्क और हाई प्रॉफिट' के नजरिए से काम करते हैं और उनकी साल भर की कमाई 9 अरब से भी ज्यादा होती है।
4- फेसबुक पर दोस्ती कर छात्रा से गैंगरेप
नवंबर माह में भोपाल में प्रतियोगी परीक्षा देने पहुंची छात्रा से गैंगरेप के बाद युवकों ने उसका एमएमएस बना लिया गया। आरोपी ने पीड़िता से फेसबुक पर दोस्ती की था। करीब सात महीने तक सामूहिक शोषण का शिकार हुई युवती ने बहन के साथ दमोह में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
पुलिस के मुताबिक दमोह की रहने वाली 28 वर्षीय छात्रा की दोस्ती संदीप नाम के एक युवक से फेसबुक पर हुई थी। खुद को टीचर बताने वाला संदीप पीड़िता को पढ़ाने उसके घर आने लगा।
26 अप्रैल को वह प्रतियोगी परीक्षा देने आरोपी के साथ भोपाल तो वह उसे गोविंदपुरा इलाके में रहने वाले अपने दोस्त के किराए के कमरे में ले गया। संदीप के साथ उसके तीन दोस्त भी मौजूद थे।
वहां पहुंचने पर एक दोस्त मे उसे पीने के लिए पानी दिया जिसके बाद उसके सामने अंधेरा छा गया। जब होश आया, तो उसकी इज्जत लुट चुकी थी। इसके बाद आरोपियों ने उसे धमकाते हुए शराब पिलाई और फिर बारी-बारी से रेप कर एमएमएस बनाया। इसके बाद सभी आरोपी एमएमएस दिखाकर उसके साथ महीनों ज्यादती करते रहे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
5- फेसबुक पर दोस्ती कर मॉडल से रेप
दक्षिणी दिल्ली में रहने वाली एक मॉडल से दुष्कर्म का मामला सामने आया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी 30 वर्षीय आदित्य वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। वह पेशे से इंजीनियर है लेकिन फेसबुक पर दोस्ती करते समय उसने खुद को फोटोग्राफर बताया था।
सफदरजंग एंक्लेव पुलिस ने उसे अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पीडि़त युवती दक्षिण दिल्ली में परिवार सहित रहती है।
वह एक साफ्टवेयर इंजीनियर होने के साथ ही मॉडलिंग भी करती है। उसने पुलिस को शिकायत कर बताया कि लगभग एक साल पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती आदित्य नामक युवक से हुई थी। फेसबुक पर चैटिंग के दौरान उसने आदित्य को बताया कि वह मॉडलिंग करती है। इस पर युवक ने उसे बताया कि वह एक फोटोग्राफर है। आए दिन दोनों के बीच फेसबुक पर काफी समय तक चैटिंग होने लगी। कुछ समय बाद दोनों ने मिलना-जुलना शुरू कर दिया।
दोनों के बीच फोन पर लंबी-लंबी बातें भी होने लगीं। युवती ने पुलिस को बताया कि कुछ माह पूर्व युवक ने उसके सामने प्यार का इजहार किया। युवती का आरोप है कि उसे शादी का झांसा देकर युवक ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। वह जब कभी उससे शादी के लिए कहती तो वह बात को टाल देता था। शक होने पर कुछ समय पहले उसने आदित्य के बारे में जानकारी जुटाना शुरू किया। उसे पता चला कि ग्रीन पार्क में रहने वाला आदित्य फोटोग्राफर नहीं बल्कि इंजीनियर है।
6- फेसबुक पर दोस्ती के बाद युवती से किया रेप!
ऑनलाइन दोस्ती होने के बाद फेसबुक दोस्त से सत्संग के बहाने सिरसा मिलने आई युवती के साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया। पंजाब के करतारपुर की युवती ने सदर थाना पुलिस को आपबीती सुनाई।
युवती ने बताया कि उसके साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया। वह फेसबुक पर विनोद नाम के युवक की दोस्त बनी थी। विनोद से मिलने के लिए वह सत्संग के बहाने आई। दोनों ने जूस पीया लेकिन वह जूस पीने के बाद बेसुध हो गई।
होश आने पर उसने देखा कि वह एक खेत में पड़ी है। दोनों आरोपी उससे दुष्कर्म करने के बाद उसे वहां छोड़कर फरार हो गए। युवती वहां से किसी तरह पास के गांव में रहने वाले अपने रिश्तेदार के यहां पहुंची और सारी कहानी बयां की। परिजनों ने सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई।
7- फेसबुक पर दोस्ती के बाद रेप और ब्लैकमेलिंग
हरियाणा के हिसार की रहने वाली एक युवती ने 13 लोगों के खिलाफ रेप और ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कराया। शिकायत में उसने बताया कि फेसबुक पर उसकी दोस्ती राजस्थान में रहने वाले युवकों से हो गई।
युवकों ने उसे राजस्थान घूमने के बहाने जयपुर बुलाया और एक होटल के रूम में उसके रहने की व्यवस्था कराई। बाद में युवकों ने खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर उसे बेहोश कर दिया।
सुबह जब उसकी नींद खुली तो उसके होश उड़ गए। उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। इज्जत लुटने के बाद लड़की ने युवकों को फोन किया तो उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि उसकी अश्लील फिल्म बना ली गई है। अगर किसी को बताया तो सार्वजनिक कर देंगे।
इसके बाद वे उसे पैसों के लिए ब्लैकमेल करने लगे। बार-बार पैसों की मांग से तंग आकर पीड़िता ने हिसार पुलिस सो शिकायत कर मामला दर्ज कराया। इस मामले में दो लड़कियों का भी नाम सामने आया।
8- फेसबुक पर दोस्ती, शादी का वादा और रेप
फेसबुक पर दोस्ती कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवक ने शादी का झांसा देकर कई माह तक एक युवती का यौन शोषण किया। बाद में जब युवती ने शादी का दबाव डाला तो युवक और उसके परिजनों ने दहेज में 20 लाख रुपए न मिलने पर शादी करने से इनकार कर दिया। यही नहीं, आरोपी युवक ने इंटरनेट पर उसका अश्लील वीडियो डालने की भी धमकी दी।
मामला यूपी के मुजफ्फरनगर का है। कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह नोएडा स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
अक्टूबर 2013 में उसका परिचय खेराभाव गांव में रहने वाले नवनीत से हुआ। नवनीत भी नोएडा में एक कंपनी में इंजीनियर है। नवनीत ने उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद दोनों के घरवाले भी राजी हो गए। इसके बाद जब भी नवनीत उसके घर आता तो शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाता।
लेकिन जब पीड़िता ने शादी करने का दबाव डाला तो आरोपी और उसके परिवार वालों ने दहेज के नाम पर शादी से इनकार कर दिया। इससे परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
9- दोस्ती, सेक्स और MMS
एमपी के इंदौर में भी फेसबुक पर दोस्ती और फिर धोखाधड़ी का मामला सामने आया। उज्जैन में रहने वाली एक युवती को झांसे में लेकर इंदौर के एक इवेंट मैनेजर ने उसका एमएमएस बना लिया।
युवती का आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले फेसबुक के जरिए युवक ने उससे दोस्ती की थी और शादी का झांसा देकर अश्लील वीडियो बना लिया। साथ ही उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध भी बनाए।
शहर के एक कॉलेज से एमकॉम की छात्रा ने बताया करीब 3 साल पहले एक दोस्त के जरिए उसकी प्रतीक से फेसबुक पर मुलाकात हुई। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती बढ़ी और आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध भी बनाए और फिर उसे ब्लैकमेल कर रुपए मांगने लगा।
आरोपी की करतूत से परेशान युवती ने पुलिस से मामले की शिकायत की, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
10- एफबी पर दोस्ती, पहली डेट पर कत्ल
पश्चिम बंगाल के बीरभूम में एक महिला की उसके फेसबुक फ्रेंड ने गला घोटकर हत्या कर दी। दोनों के बीच 15 दिन पहले दोस्ती हुई थी और पहली ही मुलाकात में आरोपी फेसबुक फ्रेंड ने उसको मौत के घाट उतार दिया।
घटना की शिकार 42 साल की महिला की पहचान सोमा घोष के रूप में हुई। फेसबुक के जरिए उसकी नंदन सेन नाम के एक युवक से दोस्ती हुई थी।
15 दिन तक चैटिंग के बाद दोनों ने एक दूसरे को मोबाइल नंबर दिए और बातचीत का सिलसिला बढ़ गया। इसी के बाद 31 जुलाई को पीड़िता ने आरोपी को मुलाकात के लिए अपने घर बुलाया था जहां पहली ही मुलाकात में उसके फेसबुक दोस्त ने उसकी हत्या कर दी।
हत्या का खुलासा उस वक्त हुआ जब पीड़िती की 17 साल की बेटी स्कूल से घर लौटी। मां का शव देख उसने पिता और पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस मामले में पुलिस का शक पीड़िता के पति पर हुआ लेकिन बाद में उसकी एक दोस्त ने फेसबुक दोस्त के मारे में बताकर मामले की छानबीन में पुलिस को नया क्लू दिया। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
11- फेसबुक फ्रेंड के लिए की देश से गद्दारी
यूपी पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने सेना की जासूसी कर महत्वपूर्ण सूचनाएं पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (आईएसआई) को उपलब्ध कराने वाले जासूस आसिफ अली को 16 अगस्त को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने बड़ा खुलासा किया।
गिरफ्तार जासूस की दी गई जानकारी आधार पर उसके साथी कांस्टेबल सुनीत कुमार को गिरफ्तार किया गया। सुनीत सेवानिवृत्त सूबेदार देशराज का पुत्र है। वह हिमाचल प्रदेश के पालम पुर जिले का निवासी है। उसे कांगडा से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से लैपटॉप व अन्य सामान बरामद किया गया। सुनीत कुमार ने पूछताछ पर बताया कि सेना में भर्ती होने से लगभग तीन माह पूर्व ही उसकी एक विदेशी महिला से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी जिससे वह फेसबुक चैट तथा मोबाइल फोन के जरिए सम्पर्क में रहा।
महिला विदेशी नम्बरों से उसे कॉल करती थी। महिला उससे दिसम्बर 2012 में सेना में उसकी भर्ती के बाद उसकी यूनिट तथा आसपास की यूनिट और अन्य जानकारी देने को कहती थी। जांच के दौरान सुनीत कुमार को पालमपुर से ट्रांजिट रिमाण्ड पर मेरठ कोतवाली लाया गया।
12- फेसबुक पर हुई दोस्ती, प्रोफेसर ने किया रेप
एक सरकारी डेंटल कॉलेज की 24 वर्षीय छात्रा ने यूपी के एक प्रोफेसर पर रेप का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर यूपी में आरआईएमएस कॉलेज में प्रोफेसर विकास वर्मा (45) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
प्रोफेसर पिछले सप्ताह डेंटल कॉलेज में वाइवा की परीक्षा लेने गए थे। रायपुर के पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) अंशुमान सिंह सिसोदिया ने शिकायत की पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़ित ने बताया है कि रेप की घटना 28 दिसंबर को एक होटल की है। आरोपी ने छात्रा को वहां शहर घूमने के बहाने बुलाया था। अपने बयान में पीड़ित ने कहा कि वर्मा फेसबुक के जरिए उसके दोस्त बने थे।
इसी बीच डेंटल कॉलेज ने उन्हें 25 दिसंबर को वाइवा की परीक्षा लेने के लिए बुलाया। अगले ही दिन प्रोफेसर ने छात्रा को अपने होटल बुलाया, ताकि वह कहीं घूमने जा सकें। छात्रा ने आरोप लगाया कि होटल में जाने के बाद उसका यौन शोषण किया गया और धमकी दी गई कि इस घटना की जानकारी किसी को न दे।
पीड़ित ने इस हादसे के संबंध में अपने परिवार को बताया जिसके बाद मुदाहपाड़ा पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई गई। प्रोफेसर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश रवाना हो गई है।
13- फेसबुक पर हुआ प्यार, रेप के बाद छीनी सोने की अंगूठी
फेसबुक पर चैटिंग करने के दौरान पुणे की एक युवती को अपने से एक साल छोटे युवक से प्यार हो गया। देररात तक चैटिंग और फिर फोन पर बातचीत के बाद वे दोनों करीब आए और फिर वो हुआ जिसकी उम्मीद युवती को नहीं थी।
युवक ने अपने घर में ले जाकर युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। कई दिनों बाद जब युवती घर जाने लगी तो आरोपी ने उसकी सोने की अंगूठी भी छीन ली।
एक महीने बाद जब युवती को पता चला कि वह गर्भवती है। युवती ने कई बार उससे मिलने की कोशिश की लेकिन उसने हर बार मना कर दिया और कई बार उसके साथ बदसलूकी भी की। आरोपी युवक की पहचान बांद्रा में रहने वाले सत्यजीत एलियास विकी खरात (25) के रूप में हुई है।
पुणे की एक प्राइवेट फर्म में काम करने वाली पीड़िता की इस साल अप्रैल में सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक के जरिए उसकी पहचान खरात से हुई थी। कुछ दिनों तक यूं ही बातचीत करने के बाद उन्हें प्यार हो गया और दोनों ने मिलने का फैसला किया।
26 वर्षीय पीड़िता जुलाई में खरात से मिले के लिए मुंबई गई, जहां से आरोपी ने बांद्रा ले जाकर जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। यही नहीं, जब वह घर जाने लगी तो आरोपी ने उसकी सोने की अंगूठी भी छीन ली।
युवती ने पुलिस की मदद ली और पुणे के सांघवी पुलिस स्टेशन में आरोपी खरात के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। जिसे पुणे पुलिस ने बांद्रा पुलिस के पास ट्रांसफर कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और अदालत में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में रखा गया है।
14- अश्लील साहित्य अपलोड करके करता था बदनाम
जून 2014 में यूपी के बाराबंकी में भी फेसबुक के जरिए धोखाधड़ी का मामला सामने आया। यहां एक युवती ने पुलिस में मामला दर्ज कराया कि एक फेसबुक फ्रेंड उसकी फर्जी आईडी बनाकर उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
इसके जरिए वह अश्लील साहित्य अपलोड कर और अन्य आपत्तिजनक हरकतें करता है। इस मामले में बाराबंकी पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने छानबीन कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके कब्जे से लैपटॉप और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है जिससे वह अपनी कारगुजारियों को अंजाम देता था। युवक की पहचान सार्थक राठौर उर्फ लवी राठौर निवासी सिविल लाइन फतेहगढ़ के रूप में की गई है। आरोपी युवक बीएससी पास और कंप्यूटर इंजीनियर है।
15- फेसबुक से चुराई फोटो को बनाया अश्लील
चंडीगढ़ में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया जब एक युवक ने युवती के फेसबुक प्रोफाइल से फोटो चोरी कर लिया और उसकी अश्लील तस्वीर बनाकर उसकी आईडी पर टैग कर दी। शिकायत सामने आने पर सेक्टर-34 थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर मामला साइबर सेल को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती सेक्टर-21 की रहने वाली है। वह सेक्टर-34 स्थित किसी प्राइवेट एजेंसी में जॉब करती है। उसका आरोप है कि एक युवक ने उसकी फेसबुक प्रोफाइल से उसकी फोटो चोरी कर उसे अश्लील बनाकर टैग कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राहुल कुमार कुशवाहा निवासी हाजीमाजरा, पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है। साइबर सेल ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ महीने पहले उसकी फेसबुक प्रोफाइल पर कई फ्रेंड्स और अन्य लोगों की रिक्वेस्ट आई थी।
इस दौरान दोस्तों की रिक्वेस्ट कंफर्म करने में एक अन्य का गलती से रिक्वेस्ट भी कंफर्म हो गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने पहले बात करने की कोशिश की थी। लेकिन इस बात को उसने इगनोर कर दिया था।