{"_id":"2c4b5586-81ba-11e2-9052-d4ae52bc57c2","slug":"youth-brigade-disappointment-with-general-budget","type":"story","status":"publish","title_hn":"आम बजट ने बिगाड़ा युवा ब्रिगेड का मूड","category":{"title":"Business archives","title_hn":"बिज़नेस आर्काइव","slug":"business-archives"}}
आम बजट ने बिगाड़ा युवा ब्रिगेड का मूड
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Thu, 28 Feb 2013 09:33 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम बजट से उम्मीदें लगाए युवाओं के हाथ मायूसी ही आई है। उन्हें ऐसा कुछ नहीं मिला जिससे उन्हें सीधे तौर पर फायदा होता। उल्टे युवाओं की जेब पर बोझ और बढ़ गया है।
विज्ञापन
बाहर खाना, मनपसंद मोबाइल, बड़ी गाड़ी में घूमने का सपना तो महंगा हुआ ही साथ ही घर पर मनोरंजन भी महंगा हो गया है। सर्विस टैक्स तो नहीं बढ़ा लेकिन एसी रेस्टोरेंट्स सर्विस टैक्स के दायरे में आ गए।
विज्ञापन
एक्साइज ड्यूटी बढ़ने से मोबाइल और बड़ी गाड़ी का सपना थोड़ा और दूर हो गया। मन बहलाने को टीवी का सहारा था तो इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने से महंगे सेट टॉप बॉक्स की मार झेलनी पड़ेगी। कुल मिला कर कहा जाए तो यह बजट युवा ब्रिगेड का मिजाज बिगड़ने को काफी है।
विज्ञापन
और महंगा हुआ मनपसंद जायका
नोएडा के एक बीपीओ में काम करने वाले चार दोस्तों अजय, नितिन, जयंत और प्राची के चेहरों पर हल्की सी मायूसी है। मनपसंद जायके की तलाश में लिए हर हफ्ते रेस्टोरेंट्स का मेन्यू खंगालने वाले इन दोस्तों की जेब और ज्यादा ढीली होगी क्योंकि चिदंबरम साहब ने सभी एसी रेस्टोरेंट्स को सर्विस टैक्स के दायरे में ला खड़ा किया है।
ऐसे में 12 फीसदी के सर्विस टैक्स के कारण बाहर खाना-पीना और महंगा होगा। इन चारों का उदाहरण लेते हुए समझें तो अगर हर व्यक्ति पर एक वक्त के खाने का खर्च 350 रुपये आता था तो अब यह खर्च करीब 400 रुपये बैठेगा। इस तरह महीने में चार बार मनपसंद जायके के लिए हर एक को 1600 रुपये खर्च करने होंगे।
मनपसंद मोबाइल भी हुआ महंगा
इंजीनियरिंग स्टूडेंट विनय काफी वक्त से एक लेटेस्ट मोबाइल खरीदने के लिए प्लानिंग कर रहा थे। उन्हें उम्मीद थी कि शायद इस बजट में मोबाइल और सस्ते हो जाएं लेकिन हुआ उसका उल्टा और दो हजार से ज्यादा के मोबाइल पर छह फीसदी की इंपोर्ट ड्यूटी लगा दी गई। इससे अब पांच हजार से ऊपर की रेंज के मोबाइलों के लिए विनय जैसे युवाओं को पांच सौ से एक हजार रुपये तक ज्यादा चुकाने पड़ सकते हैं।
टीवी पर टाइमपास भी हुआ महंगा
बजट ने महिला वर्ग को कुछ खास भले ही न दिया हो लेकिन उनके मंनोरजन को महंगा जरूर कर दिया है। नोएडा सेक्टर-62 में रहने वाली फैशन डिजाइनर गरिमा सिंह परेशान हैं। पहले तो बचत करके नया एलईडी टीवी खरीदा और जब डीटीएच खरीदने की बारी आई तो उनका मुंह लटक गया। इसकी वजह है सेट टॉप बॉक्स का महंगा होना। अब सेट टॉप बॉक्सों पर 15 फीसदी की इंपोर्ट ड्यूटी लगेगी। लिहाजा अब मनपसंद डीटीएच खरीदने के लिए चार सौ से पांच सौ रुपये और ज्यादा चुकाने होंगे।
बड़ी गाड़ी, महंगा सपना
सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करने वाले दीपक कुमार भी बजट से मायूस हैं। लॉन्ग ड्राइव पर अपनी एसयूवी से जाने का ख्वाब बुनने वाले दीपक अब दूसरे विकल्पों की तलाश में हैं। दरअसल इस बजट केबाद एसयूवी सेगमेंट की गाड़ियां करीब 15 से 20 हजार तक महंगी हो जाएंगी क्योंकि इन पर एक्साइज ड्यूटी अब 30 फीसदी हो गई है। ऐसे में बड़ी गाड़ी का ख्वाब बुनने वालों की या तो जेब और ढीली होगी या फिर उन्हें बड़ी से छोटी गाड़ी का रुख करना होगा।