एक SMS के जरिए रुकेगा फर्जीवाड़ा
बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा) और बीमा कंपनियों के नाम से ग्राहकों को आ रहे फर्जी फोन कॉल पर शिकंजा कसने की तैयारी है।
बीमा कंपनियां अब ऐसे फर्जी फोन के खिलाफ एसएमएस और ई-मेल के जरिए ग्राहकों को सचेत करेंगी। साथ ही 1 मार्च से विज्ञापन के जरिए भी ग्राहकों में इस तरह के फर्जीवाड़े से बचने के लिए जागरूकता बढ़ाने की कवायद की जाएगी।
ग्राहकों को करें सतर्क
इरडा ने सभी जीवन बीमा कंपनियों को लिखे पत्र में कहा है कि वह फर्जी ढंग से बीमा बेचने वाले लोगों से ग्राहकों को सतर्क करें।
इरडा के अनुसार पिछले कुछ समय से ग्राहकों को फंसाने के लिए इरडा और बीमा कंपनियों के नाम से ऐसे कॉल जा रहे हैं, जिसमें यह कहा जाता है कि ग्राहक अपनी पॉलिसी को दूसरी कंपनी में चेंज करा लें, जिस पर उन्हें बोनस या ज्यादा रिटर्न मिलेगा। इसके अलावा भी ग्राहकों को रिझाने के लिए फर्जी फोन किए जा रहे हैं।
एसएमएस और ई-मेल का फर्जीवाड़ा
ऐसे में अब सभी जीवन बीमा कंपनियों के लिए जरूरी होगा कि वह अपनी वेबसाइट पर ग्राहकों को जागरूक करने के लिए इरडा की सूचना को प्रसारित करें।
साथ ही मौजूदा ग्राहकों को एसएमएस और ई-मेल के जरिए ऐसे किसी भी झांसे में आने से बचने के लिए सतर्क करें। इरडा को हाल के दिनों में कई शिकायतें मिली हैं। इसे देखते हुए फर्जीवाड़े पर लगाम कसने के लिए उसने जनवरी में भी सार्वजनिक सूचना जारी कर ग्राहकों को झांसे से बचने के लिए सतर्क रहने को कहा था।